अजय देवगन की सुपरहिट फिल्मों की फ्रेंचाइजी दृश्यम-3 का प्रोमो रिलीज कर दिया गया है। सोमवार 22 दिसंबर को जारी इस प्रोमो में अजय देवगन एक बार फिर धांसू रोल में लौट आए हैं। प्रोमो की शुरुआत जबरदस्त है और ये मैसेज देता है कि कहानी अभी बाकी है। फिल्म 2 अक्तूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर अपने पॉपुलर रोल विजय सालगांवकर के तौर पर लौट रहे हैं। साथ ही इसमें तब्बू और श्रेया सरण अहम किरदारों में नजर आने वाली हैं। अभी भी विजय के परिवार को उस हत्या से छुटकारा नहीं मिला है और चूहे बिल्ली का खेल लगातार जारी है। फिल्म में लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है और महज 1 घंटे के अंदर दृश्यम-3 का टीजर 1 लाख से ज्यादा लोगों ने देख लिया है। अब देखना होगा कि क्या तब्बू अपने ऑनस्क्रीन बेटे की मौत का जिम्मेदार विजय सालगांवकर को पकड़ने में कामयाब रहती हैं या नहीं।
फिल्म का प्रोमो 1 मिनट 13 सेकेंड का है और उसमें विजय सालगांवकर की आवाज गूंजती सुनाई देती है। जिसमें विजय कुछ दार्शनिक अंदाज में डायलॉग बोलता है और बताता कि मेरे लिए मेरा परिवार ही सारे सच और सही-गलत से ऊपर है। फिल्म का तीसरा पार्ट यानी दृश्यम 3 अब अगले साल यानी 2 अक्तूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को लेकर फैन्स भी काफी उत्साहित हैं और प्रोमो ने उन्हें एक बार फिर विजय सालगांवकर के यूनिवर्स की याद दिला दी है। अब देखना होगा कि क्या दृश्यम-3 भी अपने पिछले दोनों पार्ट्स की तरह बॉक्स ऑफिस पर धुआं उठाने में सफल रहती है या नहीं।
साल 2015 में सबसे पहले दृश्यम फिल्म रिलीज हुई थी और उम्मीदों के उलट इसने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया था। फिल्म में अजय देवगन ने विजय सालगांवकर नाम के एक बिजनेसमैन का किरदार निभाया था जो एक लोकल केबल चलाता है। गोवा में रहने वाले विजय का एक खूबसूरत परिवार है जिसमें पत्नी और 2 बेटियां हैं। लेकिन उसकी जिंदगी में एक मुसीबत तब आन पड़ती है जब उसकी बेटी के स्कूल का ही एक लड़का उसे तंग करने घर आता है और यहां झगड़ा हो जाता है। झगड़े में लड़के की मौत हो जाती है। ये लड़का कोई साधारण नहीं बल्कि उस क्षेत्र की आईपीएस मीरा देशमुख का इकलौता बेटा है जिसे तब्बू ने निभाया था। बस फिर शुरू होता है चूहे बिल्ली का खेल। इस फिल्म को लोगों ने खूब प्यार दिया था और सुपरहिट रही थी। करीब 62 करोड़ रुपयों में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 110 करोड़ रुपयों की कमाई करने में सफल रही थी। इसके बाद मेकर्स ने इसका दूसरा पार्ट दृश्यम-2 बनाया जो 3 साल पहले 2022 में रिलीज हुआ था। दृश्यम-2 भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और 342 करोड़ रुपयों की वर्ल्डवाइड कमाई की। अब इस फिल्म का तीसरा पार्ट दृश्यम-3 भी अगले साल यानी 2 अक्तूबर 2026 को रिलीज के लिए तैयार है।
संपादक की पसंद