1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 1997 की वो फिल्म जिसके गानों ने मचाई थी धूम, कुणाल कामरा ने भी इसी से बनाई पैरोडी, BO पर की थी पैसौं की बारिश

1997 की वो फिल्म जिसके गानों ने मचाई थी धूम, कुणाल कामरा ने भी इसी से बनाई पैरोडी, BO पर की थी पैसौं की बारिश

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Mar 26, 2025 11:59 am IST,  Updated : Mar 26, 2025 11:59 am IST

स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने 1997 में जिस फिल्म के गाने पर पैरोडी बनाई है उसका संगीत आज भी सुपरहिट है। इतना ही नहीं ये फिल्म साल की दूसरी सबसे बड़ी हिट रही थी।

Kunal Kamra- India TV Hindi
कुणाल कामरा Image Source : INSTAGRAM

स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने हाल में एक गाने की पैरोडी गाई और सियासी हलचल शुरू हो गई। कुणाल कामरा ने 1997 में आई एक सुपरहिट फिल्म के सुपरहिट गाने पर पैरोडी बनाई और बिना नाम लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कमेंट किया। अब इसको लेकर विवाद तेज हो रहा है। इसी विवाद के बीच हम जानते हैं वो फिल्म जो 1997 में साल की दूसरी सबसे बड़ी सुपरहिट साबित हुई। इतना ही नहीं इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर इतिहास रचा बल्कि इसके गानों ने भी लोगों के दिलों पर राज किया। आज भी 28 साल बाद इस फिल्म के गानों की दीवानगी साफ देखने को मिलती है। इस फिल्म का नाम है 'दिल तो पागल है'।

शाहरुख खान के साथ दिखीं थी ये हीरोइन्स

31 अक्तूबर 1997 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म 'दिल तो पागल है' ओपनिंग डे पर ही कमाल कर गई थी। शाहरुख खान के साथ माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर स्टारर इस फिल्म ने पहले हफ्ते ही 5 करोड़ 24 लाख रुपयों से ज्यादा की कमाई कर ली थी। उस दौर में ये कलेक्शन का आंकड़ा कम ही देखने को मिलता था। फिल्म को यश चोपड़ा ने डायरेक्ट किया था और खुद ही प्रोड्यूसर भी रहे थे। फिल्म में फरीदा जलाल भी अहम किरदार में नजर आई थीं। 9 करोड़ रुपयों के बजट से बनी इस फिल्म ने 71करोड़ रुपयों से ज्यादा की वर्ल्डवाइड कमाई कर सभी को चौंका दिया था। इतना ही नहीं ये फिल्म साल 1997 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही थी और पहला स्थान बॉर्डर ने हासिल किया था। 

28 साल बाद भी नहीं उतरी गानों की दीवानगी

बता दें कि फिल्म 'दिल तो पागल है' की कहानी भी लोगों को खूब पसंद आई थी। इतना ही नहीं कहानी के साथ गानों की भी दीवानगी लोगों के बीच देखने को मिली थी। गानों को संगीत उत्तम सिंह ने दिया था। वहीं गानों के लिरिक्स आनंद बख्शी ने लिखे थे। फिल्म में कुल 9 गाने लिए गए थे और सभी सुपरहिट रहे थे। फिल्म का टाइटल ट्रैक 'दिल तो पागल है' ने भी खूब धूम मचाई थी और इस फिल्म के गाने 1997 में सबसे ज्यादा सुने जाने वाले चार्ट बस्टर्स में रहे थे। बॉलीवुड की ये पहली फिल्म रही थी जो जर्मनी के एक खास शहर में शूट हुई थी। फिल्म ने रिलीज होते ही कमाल कर दिया था। आज भी इस फिल्म की दीवानगी टीवी पर देखने को मिलती रहती है। साथ ही इस फिल्म के गाने आज भी लोगों के जहन में छाए रहते हैं। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन