1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 10 साल से लापता है 'मुन्ना भाई MBBS' का ये फेमस एक्टर, गर्लफ्रेंड की भी हुई मौत, मां आज भी बहा रही आंसू

10 साल से लापता है 'मुन्ना भाई MBBS' का ये फेमस एक्टर, गर्लफ्रेंड की भी हुई मौत, मां आज भी बहा रही आंसू

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Aug 28, 2025 06:50 pm IST,  Updated : Aug 28, 2025 06:50 pm IST

बॉलीवुड हमेशा सितारों को खुशियों से नहीं नवाजता, कई बार लोग इस इंडस्ट्री को छोड़ गुमनामी के अंधेरे में खो जाते हैं। 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' का एक फेमस एक्टर भी लापता हुआ और 10 साल से इसका कोई अता-पता भी नहीं है।

Munna Bhai MBBS actor vishal thakkar- India TV Hindi
विशाल ठक्कर और संजय दत्त। Image Source : SCREEN GRAB FROM MUNNA BHAI MBBS FILM

बॉलीवुड में कई चेहरे आते हैं, चमकते हैं और फिर कहीं खो जाते हैं। मगर कुछ चेहरे ऐसे होते हैं जो सिर्फ फिल्मों से नहीं, जिंदगी से भी अचानक गायब हो जाते हैं, वो भी बिना कोई सुराग छोड़े। ऐसा ही एक नाम है विशाल ठक्कर का जो साल 2003 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ में नजर आए थे। मगर अब कई सालों से वह लापता हैं और उनके बूढ़े मां-बाप आज भी उनके लौटने की आस लगाए बैठे हैं। एक्टर अचानक कहां गए, उन्हें क्या हुआ, ये सब हम आपको यहां बताने वाले हैं।

अभिनय करियर की शुरुआत

विशाल ठक्कर ने 2001 में तब्बू की चर्चित फिल्म ‘चांदनी बार’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। हालांकि उन्हें असली पहचान मिली ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ से, जिसमें उन्होंने उस युवक का किरदार निभाया था जो प्रेमिका के छोड़ने पर आत्महत्या की कोशिश करता है। फिल्म में मुन्ना भाई (संजय दत्त) उसे जीवन का महत्व समझाते हैं। इस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद विशाल ‘टैंगो चार्ली’, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘किस देश में है मेरा दिल’ जैसे टीवी शोज और फिल्मों में भी नजर आए। उनका करियर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था, लेकिन निजी जीवन की कुछ घटनाओं ने उन्हें गहरे अवसाद में धकेल दिया।

vishal thakkar
Image Source : SCREEN GRAB FROM TV SHOWविशाल ठक्कर।

निजी जीवन में उठा तूफान

विशाल अपनी प्रेमिका के साथ लिव-इन में रहते थे। उनकी मां के अनुसार, उनकी प्रेमिका काफी गुस्सैल थी और दोनों के बीच झगड़े आम थे। एक बार झगड़ा इस कदर बढ़ा कि प्रेमिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी। पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार किया, हालांकि बाद में शिकायत वापस ले ली गई। लेकिन इस घटना ने विशाल को अंदर से तोड़ दिया। उन्हें लगा कि उनकी छवि खराब हो गई है और वे धीरे-धीरे डिप्रेशन की गिरफ्त में आ गए। साल 2015 में ही एक्टर पर रेप का आरोप भी लगा था। इसके बाद 31 दिसंबर 2015 को विशाल ने न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए अपने दोस्तों और प्रेमिका के साथ बाहर जाने की बात कही। उन्होंने अपनी मां से 500 रुपये लिए और निकल गए। रात 12:10 बजे उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए सबको नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और करीब 1 बजे अपने पिता को मैसेज भेजा कि वह दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे हैं और देर से लौटेंगे।

फिर कभी नहीं लौटे विशाल

अगली सुबह यानी 1 जनवरी 2016 को उन्होंने अपनी प्रेमिका से कहा कि वह शूटिंग पर जा रहे हैं। इसके बाद विशाल को आखिरी बार सुबह 11:45 बजे मुंबई के गोडबंदर इलाके में एक ऑटो में बैठते देखा गया। 6 जनवरी 2016 को उनके माता-पिता ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने शक जताया कि उनकी प्रेमिका का इस घटना में हाथ हो सकता है, लेकिन पुलिस को कोई ठोस सबूत नहीं मिला। विशाल के बारे में कोई सुराग नहीं मिला और दो साल बाद, उनकी प्रेमिका भी अपने घर में मृत पाई गईं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई थी।

आज भी अनसुलझा है मामला

विशाल ठक्कर के गायब होने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाते हैं। कोई कहता है कि न्यू ईयर पार्टी में झगड़ा हुआ और उनका मर्डर हो गया, तो कोई मानता है कि उन्होंने डिप्रेशन में आत्महत्या कर ली। कुछ लोग यह भी मानते हैं कि उन्होंने सबकुछ छोड़कर कहीं नई जिंदगी शुरू कर दी होगी।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन