90 के दशक की चर्चित बॉलीवुड अभिनेत्री नीलम कोठारी ने हाल ही में अपने और अभिनेता गोविंदा के रिश्ते को लेकर सालों से चली आ रही चर्चाओं पर खुलकर बात की है। दोनों ने अपने करियर के शुरुआती दौर में कई फिल्मों में साथ काम किया था और इसी दौरान उनके बीच कथित नजदीकियों की खबरें भी सामने आती रही थीं। अब एक हालिया इंटरव्यू में नीलम ने उन पुराने किस्सों पर अपनी बात रखी और बताया कि उस समय वह काफी छोटी थीं। इतना ही नहीं, उन्हें यह जानकारी भी नहीं थी कि गोविंदा पहले से शादीशुदा थे। 56 वर्षीय नीलम कोठारी ने इस बातचीत में साफ किया कि उस उम्र में उनका ध्यान रिश्ते बनाने से ज्यादा अपने करियर और फिल्मों पर था। इंटरव्यू के दौरान उनके पति और अभिनेता समीर सोनी भी उनके साथ मौजूद थे। उन्होंने भी कहा कि कई दशक पुरानी किसी ऐसी बात को लेकर उन्होंने कभी अपने मन में कोई बोझ नहीं रखा, जिसके बारे में उन्हें खुद कोई जानकारी नहीं थी।
'मुझे नहीं पता था कि वह शादीशुदा हैं'
टाइम्स नाओ के साथ बातचीत के दौरान जब नीलम से कहा गया कि गोविंदा ऑफ-स्क्रीन उनसे प्यार करते थे तो अभिनेत्री ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह उस समय बहुत छोटी थीं। उन्होंने बताया कि उन्हें यह पता ही नहीं था कि गोविंदा शादीशुदा हैं और इस बारे में उन्हें बाद में जानकारी मिली। नीलम की बात पर समीर सोनी ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि करीब 20 साल पहले क्या हुआ था या शायद हुआ भी था, इसे लेकर उन्होंने कभी खुद को परेशान नहीं किया। समीर ने यह भी कहा कि जब उन्हें उस समय की बातों के बारे में जानकारी ही नहीं थी, तो वह उसे लेकर आज कोई धारणा कैसे बना सकते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि गोविंदा आज भी यह दावा करते हैं कि वह नीलम के प्यार में बुरी तरह पड़ गए थे।
उस दौर में रिश्ता बनाना विकल्प ही नहीं था
नीलम ने बताया कि उनके जीवन के उस दौर में रिलेशनशिप जैसी कोई चीज उनके लिए प्राथमिकता नहीं थी। वह काफी कम उम्र में फिल्मों में आ गई थीं और उनका पूरा ध्यान अपने काम पर था। उन्होंने बताया कि वह उस समय हिंदी सीखने और फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रही थीं। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि उनके माता-पिता काफी सख्त थे। इसी वजह से भी उनके लिए किसी रिश्ते में पड़ना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान उनके साथ परिवार का कोई सदस्य हमेशा मौजूद रहता था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि उनके परिवार को फिल्म इंडस्ट्री किसी खराब जगह के तौर पर दिखाई देती थी। परिवार का सदस्य इसलिए साथ रहता था क्योंकि वह बहुत छोटी थीं।
सेट पर सभी का मिलता था भरपूर प्यार
नीलम के मुताबिक फिल्म सेट पर उनके साथ सभी लोग काफी प्यार से पेश आते थे। उनके को-स्टार भी उन्हें एक छोटी बच्ची की तरह ट्रीट करते थे और उनका काफी ख्याल रखते थे। इस दौरान समीर सोनी ने खासतौर पर जैकी श्रॉफ और संजय दत्त का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दोनों अभिनेता नीलम को लेकर काफी प्रोटेक्टिव रहते थे। नीलम और गोविंदा ने 1980 के दशक और 1990 के शुरुआती वर्षों में कई फिल्मों में साथ काम किया था। उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया और लगातार साथ काम करने की वजह से उनके ऑफ-स्क्रीन रिश्ते को लेकर भी अटकलें लगती रहीं।
गोविंदा ने खुद कबूली थी नीलम के लिए भावनाएं
नीलम को लेकर गोविंदा ने वर्षों पहले अपने इंटरव्यू में खुलकर अपनी भावनाओं का जिक्र किया था। 1990 में स्टारडस्ट को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया था कि नीलम के साथ लगातार काम करने और बार-बार मिलने के कारण उनके मन में अभिनेत्री के लिए लगाव बढ़ता गया था। गोविंदा ने बताया था कि नीलम ऐसी महिला थीं, जिनसे कोई भी व्यक्ति प्रभावित हो सकता था और वह खुद भी उनके प्यार में पड़ गए थे। उस समय गोविंदा का रिश्ता सुनीता आहूजा के साथ था, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में उनके इस रिश्ते को लंबे समय तक सार्वजनिक तौर पर ज्यादा चर्चा नहीं मिली थी। गोविंदा ने यह भी बताया था कि वह सुनीता से अक्सर नीलम की तारीफ किया करते थे। यहां तक कि वह सुनीता को नीलम जैसी बनने की सलाह भी देते थे। इससे दोनों के रिश्ते में तनाव पैदा होता था। सुनीता को यह बात पसंद नहीं आती थी और वह गोविंदा से कहती थीं कि उन्होंने उन्हें उनके व्यक्तित्व की वजह से पसंद किया था, इसलिए उन्हें बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
गोविंदा ने माना था कि वह काफी उलझन में थे
अपने पुराने इंटरव्यू में गोविंदा ने यह भी बताया था कि सुनीता के साथ उनका रिश्ता उनके फिल्मी करियर शुरू होने से पहले का था। उन्होंने स्वीकार किया था कि शुरुआत में रोमांस और रिश्तों को लेकर उनके मन में कई तरह की उलझनें थीं। नीलम के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी उन्होंने ईमानदार न रहने की बात मानी थी। एक समय ऐसा भी आया था जब गोविंदा ने सुनीता से अपनी सगाई तोड़ने के बारे में सोचा। उन्होंने सुनीता से अलग होने का फैसला भी कर लिया था। हालांकि, कुछ दिनों बाद सुनीता ने उनसे दोबारा संपर्क किया और दोनों फिर साथ आ गए। गोविंदा ने कहा था कि अगर सुनीता कुछ दिनों बाद वापस नहीं आतीं, तो संभव है कि वह नीलम से शादी कर लेते।
एक्टिंग से दूर होकर ज्वेलरी डिजाइनिंग में बनाई पहचान
नीलम कोठारी ने अपने करियर में कई लोकप्रिय फिल्मों में काम करने के बाद धीरे-धीरे अभिनय से दूरी बना ली। इसके बाद उन्होंने ज्वेलरी डिजाइनिंग के क्षेत्र में कदम रखा और इस इंडस्ट्री में भी अपनी पहचान बनाई। हालांकि, बाद में उन्होंने फिर से मनोरंजन की दुनिया में वापसी की। नीलम नेटफ्लिक्स की रियलिटी सीरीज 'फैब्यूलस लाइव्ज विद बॉलीवुड वाइफ्स' का हिस्सा बनीं, जिसमें उनके साथ महीप कपूर, भावना पांडे और सीमा सजदेह नजर आईं। इसके बाद वह इसके स्पिन-ऑफ 'फैब्यूलस लाइव्ज वर्सेज बॉलीवुड वाइफ्स' में भी दिखाई दीं, जिसमें मुंबई और दिल्ली की कास्ट को एक साथ लाया गया।
गोविंदा की निजी जिंदगी भी चर्चा में
दूसरी ओर, गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर भी पिछले कुछ समय से चर्चाएं होती रही हैं। सुनीता ने कथित तौर पर गोविंदा की बेवफाई को लेकर आरोप लगाए और अपने रिश्ते में चल रही परेशानियों के बारे में बात की थी। इसके बाद गोविंदा का अपनी फिल्म 'रूपा' की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आना भी चर्चा का विषय बन गया। वर्कफ्रंट की बात करें तो गोविंदा की आने वाली फिल्मों में 'दुनियादारी' का नाम भी शामिल है। वहीं नीलम एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी और पुराने फिल्मी किस्सों को लेकर सुर्खियों में हैं।
ये भी पढ़ें: कौन हैं 'रामायण' के भरत? 'जय जय राम' में चरण पादुका माथे से लगाते दिखे, जीत चुके हैं नेशनल अवॉर्ड