बॉलीवुड की 'बेबो' यानी करीना कपूर खान 44 की उम्र में भी उतनी ही ग्लैमरस और दिलकश हैं, जितनी वो अपनी डेब्यू फिल्म 'रिफ्यूजी' में थीं। इंडस्ट्री में दो दशक से भी ज्यादा समय बिताने के बावजूद उनकी फैन फॉलोइंग दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कभी करीना खुद भी एक बेहद जुनूनी फैन हुआ करती थीं? और वो भी दो ऐसे सितारों की, जिनके नाम जानकर शायद आप भी चौंक जाएं। ये न तो सैफ अली खान थे और न ही उनके एक्स बॉयफ्रेंड शाहिद कपूर। जिन सितारों की तस्वीरें वो अपने बाथरूम लगा के रखती थीं, उनमें से एक साथ वो काम भी कर तुकी हैं, वो भी उनकी लीड हीरोइन बनकर और दूसरे वो हैं, जिन्होंने 90 के दशक में करोड़ों दिलों की धड़कन बनकर स्क्रीन पर एंट्री ली थी। अब इसके बारे में खुलासा हो चुका है।
इन दो सितारों की तस्वीरों से सजी थीं बाथरूम की दीवार
इस दिलचस्प खुलासे का मंच बना 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का नया सीजन, जहां सलमान खान पहले मेहमान बनकर पहुंचे थे। शो का एक अनसीन वीडियो हाल ही में कपिल ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया, जिसमें सलमान खान ने करीना के बचपन की एक मजेदार बात शेयर की, जो शायद सैफ अली खान तक को नहीं पता हो। कपिल ने सलमान से हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा, 'क्या कभी किसी ने आपका पोस्टर किसी अजीब-सी जगह पर लगाया है?' सलमान मुस्कुराए और बोले, 'हां, सुना है कि करीना कपूर के बाथरूम में मेरा पोस्टर लगा था। वो तब 8 या 9 साल की थीं। लेकिन जैसे ही वो 15-16 की हुईं, मेरा पोस्टर हट गया... और उसकी जगह आ गए राहुल रॉय!'
यहां देखें वीडियो
करीना थीं फैन गर्ल
जी हां, वो ही राहुल रॉय जिनकी फिल्म 'आशिकी' ने 90 के दशक में तूफान मचा दिया था। एक तरफ सलमान, जिनके साथ करीना बाद में 'बॉडीगार्ड' जैसी हिट फिल्म में नजर आईं और दूसरी तरफ राहुल रॉय, जिन्होंने बेबो के दिल की दीवार पर चुपचाप अपनी जगह बना ली थी। ये एक फैनगर्ल का वो मासूम दौर था जब बाथरूम भी एक छोटा सा थिएटर हुआ करता था, जहां दीवारें ख्वाबों से सजी होती थीं। शो के दौरान एक और दिलचस्प किस्सा सामने आया। सलमान ने बताया कि आमिर खान ने उनसे और शाहरुख खान से एक ट्रिप पर चलने की बात कही थी।
आमिर ने बनाया ऐसा प्लान
सलमान खान ने हंसते हुए कहा, 'आमिर कह रहा था कि चलो ऐसी जगह चलते हैं जहां हमें कोई न जानता हो।' इस पर अर्चना पूरन सिंह ने झट से जवाब दिया, 'ऐसी कोई जगह है ही नहीं जहां आप तीनों को कोई न जानता हो। चांद पर जाने की कोशिश कर लो!' अब बात करें सलमान के वर्कफ्रंट की तो हाल ही में वो फिल्म 'सिकंदर' में नजर आए, जो बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर चुकी है।