Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. National Sports Day 2025: सिंघम-3 की ये एक्ट्रेस जीत चुकी है 5 गोल्ड मैडल, वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी किया भारत का प्रतिनिधित्व

National Sports Day 2025: सिंघम-3 की ये एक्ट्रेस जीत चुकी है 5 गोल्ड मैडल, वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी किया भारत का प्रतिनिधित्व

Written By: Shyamoo Pathak Published : Aug 29, 2025 01:23 pm IST, Updated : Aug 29, 2025 01:23 pm IST

बॉलीवुड की एक ऐसी एक्ट्रेस भी हैं जो 5 बार गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं और इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। नेशनल स्पोर्ट्स डे 2025 पर जानते हैं उनकी कहानी।

Nitu Chandra- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM@NITUCHANDRASRIVASTAVA नीतू चंद्रा

'गरम मसाला' की चुलबुली एयर होस्टेस 'स्वीटी' को भला कौन भूल सकता है? 2005 में इसी फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस नीतू चंद्रा ने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों का दिल जीत लिया था। सिंघम-3 में भी अपने डांस से लोगों का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस नीतू चंद्रा एक कमाल की स्पोर्ट्सवूमन भी रही हैं। इतना ही नहीं ताइक्वांडो में नीतू ने स्टेट स्तर पर 5 गोल्ड मेडल जीते हैं। इतना ही नहीं इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। आज नेशनल स्पोर्ट्स डे पर हम जानते हैं एक्ट्रेस नीतू चंद्रा की असल कहानी। नीतू न सिर्फ एक बेहतरीन एक्ट्रेस हैं, बल्कि मॉडल, प्रोड्यूसर, थिएटर आर्टिस्ट, क्लासिकल डांसर और ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट हासिल करने वाली एक्ट्रेस भी हैं। बॉलीवुड की पहली ब्लैक बेल्ट एक्ट्रेस के तौर पर मशहूर नीतू का सफर प्रेरणादायक होने के साथ-साथ विवादों से भी भरा रहा है।

बिहार से लेकर अमेरिका तक कमाया नाम

नीतू चंद्रा का जन्म 20 जून 1984 को पटना, बिहार में हुआ था। पटना के नॉट्रे डेम अकादमी से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद, उन्होंने दिल्ली के इंद्रप्रस्थ कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। नीतू अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां नीरा चंद्रा को देती हैं, जो पूर्वी चंपारण की रहने वाली हैं। मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाली नीतू ने कई विज्ञापनों में काम किया और धीरे-धीरे फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। नीतू ने 2005 में प्रियदर्शन की कॉमेडी फिल्म 'गरम मसाला' से बॉलीवुड में कदम रखा, जिसमें उन्होंने अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनके किरदार का नाम 'स्वीटी' है। इस फिल्म की सफलता ने उन्हें रातोंरात मशहूर बना दिया। नीतू ने एक इंटरव्यू में कहा, 'गरम मसाला सुपरहिट रही। प्रियदर्शन सर की वजह से मुझे यकीन था कि दर्शकों को यह फिल्म पसंद आएगी। आज भी लोग मुझे 'गरम मसाला गर्ल' कहते हैं।'

साउथ फिल्मों में भी किया काम

इसके बाद, उन्होंने 2006 में तेलुगु फिल्म 'गोदावरी' और 2007 में मधुर भंडारकर की 'ट्रैफिक सिग्नल' में अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया। खास बात यह है कि 'ट्रैफिक सिग्नल' के लिए नीतू एक हफ्ते तक मुंबई की सड़कों पर रहीं। नीतू ने सड़कों पर रहकर ही अपने किरदार की तैयारी की। नीतू ताइक्वांडो में चौथी डैन ब्लैक बेल्ट पाने वाली पहली बॉलीवुड अभिनेत्री हैं। उन्होंने 1997 में हांगकांग में विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 1995 में दिल्ली में विश्व कॉर्फबॉल चैंपियनशिप में भी भाग लिया। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में ताइक्वांडो में रजत पदक भी जीता है।

नीतू चंद्रा का विवादास्पद जीवन

अपनी पहली हिट फिल्म के साथ ही उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल कीं। हालांकि, विवादों से भी उनका गहरा नाता रहा है। 2009 में, तेलुगु फिल्म 'सत्यमेव जयते' की शूटिंग के दौरान, अभिनेता राजशेखर पर उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगा था। नीतू ने हैदराबाद पुलिस आयुक्त, मानवाधिकार और महिला आयोगों में शिकायत दर्ज कराई। राजशेखर की पत्नी और फिल्म की निर्देशक जीविता ने नीतू पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वर्ष 2025 में, नीतू ने रैपर यो यो हनी सिंह के गाने 'मैनियाक' के खिलाफ पटना उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की। उन्होंने गाने के बोलों को महिलाओं और भोजपुरी का अपमान बताया था। नीतू ने कहा था, ऐसे अश्लील गाने बिहार की महिलाओं और लड़कियों के लिए असहजता पैदा करते हैं। यह समाज और देश के लिए हानिकारक है।

नीतू चंद्रा की हॉलीवुड फिल्म

नीतू बॉलीवुड छोड़ने के बाद हॉलीवुड भी गईं। 2021 में उन्होंने हॉलीवुड फिल्म 'नेवर बैक डाउन: रिवोल्ट' में जया नाम की एक मार्शल आर्ट फाइटर का किरदार निभाकर दुनिया भर में अपनी खास पहचान बनाई। जानकारी के मुताबिक, नीतू को यह रोल बिना ऑडिशन के मिला था। दरअसल, फिल्म निर्माता डेविड जेलॉन ने उनकी फिल्मों और मार्शल आर्ट स्किल्स को देखकर उन्हें अपनी फिल्म में लेने का फैसला किया। इसके अलावा, वह हॉलीवुड शो 'गाउन एंड आउट इन बेवर्ली हिल्स' में भी नजर आई थीं। नीतू ने हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 'ओए लकी! लकी ओए!', '13बी: फियर हैज़ अ न्यू एड्रेस' और कई अन्य फिल्मों में काम किया है। 

Latest Bollywood News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन

Advertisement
Advertisement
Advertisement