1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. प्रतीक ने राज बब्बर को किया पूरी तरह नजरअंदाज, फादर्स डे पोस्ट देख भड़के फैंस, बोले- बहुत देर होने से पहले पिता का सम्मान करो

प्रतीक ने राज बब्बर को किया पूरी तरह नजरअंदाज, फादर्स डे पोस्ट देख भड़के फैंस, बोले- बहुत देर होने से पहले पिता का सम्मान करो

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 22, 2026 04:50 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 04:50 pm IST

प्रतीक बब्बर का फादर्स डे पोस्ट काफी सुर्खियों में हैं। इस पोस्ट को देखने के बाद कई फैंस उन्हें ये याद दिलाने में लग गए हैं कि राज बब्बर उनके पिता हैं और उन्हें उनका सम्मान करना चाहिए।

Prateik and juhi babbar- India TV Hindi
राज बब्बर और प्रतीक बब्बर। Image Source : PRATEIK AND JUHI BABBAR/INSTAGRAM

फादर्स डे के मौके पर बॉलीवुड में सितारे उत्साहित नजर आए, कुछ ने अपने पापा के लिए सरप्राइज प्लान किया तो कई ऐसे थे जिन्होंने अपने पिता के लिए प्यार भरे पोस्ट साझा किए। वहीं सभी से जुदा एक्टर प्रतीक बब्बर जो अब खुद को प्रतीक स्मिता पाटिल के रूप में पेश कर रहे हैं ने फादर्स डे 2026 पर अपने पिता राज बब्बर को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और अपने नाना शिवाजीराव पाटिल को याद किया। प्रतीक ने एक लंबी और भावुक पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने अपनी मां और मशहूर एक्ट्रेस स्मिता पाटिल के गुजरने के बाद अपनी परवरिश और उन्हें एक बेहतर इंसान बनाने का श्रेय शिवाजीराव को दिया। बता दें, प्रतीक के जन्म के चंद हफ्ते बाद ही उनकी मां की मौत हो गई थी। लोगों को उम्मीद थी कि नाना को श्रेय देने के बाद एक्टर अपने पिता के लिए भी खास पोस्ट साझा करें, लेकिन उन्होंने इस खास दिन पर उनका जिक्र भी नहीं किया और इससे अब फैंस काफी भड़क गए हैं।

फादर्स डे पर प्रतीक ने राज बब्बर को नजरअंदाज किया

प्रतीक ने अपने नाना के साथ एक फोटो शेयर की और लिखा, 'मेरे गॉडफादर, मेरी प्रेरणा को फादर्स डे की बधाई। इंफिनिटी शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता कि मैं कितना खुशनसीब था कि मुझे आप पिता और नाना दोनों के रूप में मिले। आपके प्यार और इस दुनिया में आपके साथ बिताए सालों के लिए मैं हमेशा आपका ऋणी और आभारी रहूंगा। जैसे-जैसे मैं बड़ा हो रहा हूं, मुझे और ज्यादा एहसास हो रहा है कि आप सबसे महान और सम्मानित व्यक्ति थे जिन्हें मैं जानता था और इस जीवनकाल में जानूंगा। मुझे पालने-पोसने और मुझमें अपने बेहतरीन संस्कार डालने के लिए धन्यवाद, आपकी असाधारण विरासत का हिस्सा होने पर मुझे बहुत गर्व है। जब तक हमारी आत्माएं फिर से नहीं मिल जातीं, मैं हर दिन आपको याद करूंगा और फिर हम हमेशा साथ मिलकर आपको सेलिब्रेट करेंगे पापा। रेस्ट इन पावर।'

यहां देखें पोस्ट

लोगों की प्रतिक्रिया

प्रतीक की पोस्ट पर फैंस की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ फैंस उनकी तारीफ कर रहे हैं कि वो अपने नाना को कितना प्यार करते हैं। वहीं कई फैंस ऐसे भी हैं जो भड़क गए हैं और इस बात से नाराज हैं कि आखिर एक्टर ने अपने पिता को क्यों याद नहीं किया, कुछ लोगों ने तो एक्टर को हिदायत भी दे दी है। एक शख्स ने कमेंट में लिखा था, 'उनकी मां के माता-पिता ने उन्हें पाला-पोसा, इसलिए उनके पिता के बजाय वे ही इस सम्मान के ज्यादा हकदार हैं।' एक और कमेंट में लिखा था, 'राज बब्बर आपके पिता हैं। उन्हें कैसे भूल सकते हो।' एक और कमेंट में लिखा था, 'बहुत देर होने से पहले अपने पिता राज बब्बर का सम्मान करें।'

प्रतीक और राज बब्बर के बीच तनाव

प्रतीक और उनके पिता राज बब्बर के रिश्ते में उतार-चढ़ाव रहे हैं। प्रतीक कई सालों तक राज बब्बर और उनके परिवार के करीब रहे। हालाँकि, खबरों के अनुसार उनके रिश्ते में खटास आ गई और यह बात तब साफ हुई जब प्रतीक ने अपना नाम प्रतीक बब्बर से बदलकर प्रतीक स्मिता पाटिल'कर लिया। प्रतीक ने बीते साल की शुरुआत में प्रिया बनर्जी से शादी करते समय अपने पिता या सौतेले भाई-बहनों को भी आमंत्रित नहीं किया था।

आर्य बब्बर ने जाहिर की थी नाराजगी

बाद में प्रतीक के सौतेले भाई आर्य बब्बर ने उन पर आरोप लगाया कि वे अपने पिता का इस्तेमाल सिर्फ आर्थिक मदद के लिए करते हैं। उन्होंने विक्की लालवानी को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, 'यह वैसा ही है जैसे जब आपका करियर अच्छा नहीं चल रहा हो और गुजारे के लिए आपको पिता से पॉकेट मनी चाहिए हो तब वे आपके पिता होते हैं। जब आप उस घर में रहना चाहते हैं जो आपके पिता ने स्मिता मां के लिए खरीदा था तब वे आपके पिता होते हैं। जब आपको सारे फायदे चाहिए होते हैं, तब वे आपके पिता होते हैं, लेकिन जब समाज के सामने उन्हें स्वीकार करने और सम्मान देने की बात आती है तो वे आपके पिता नहीं होते। यह क्या बात हुई? एक बड़े भाई के तौर पर मैं उनसे प्यार करता हूं, लेकिन जब वे गलत होते हैं तो वे गलत होते हैं और यहां वे गलत हैं।' प्रतीक ने इस आरोप का जवाब देते हुए इंस्टाग्राम पर एक रहस्यमयी नोट पोस्ट किया, जिसमें लिखा था, 'अगर गलत जानकारी से बिल भरे जा सकते तो कुछ लोग आखिरकार सफल हो जाते।'

ये भी पढ़ें:  New OTT Releases: लौट रहा 'ग्राम चिकित्सालय 2' और 'लॉक अप 2', रोमांच, थ्रिलर और रोमांस का तड़का लगाएंगी 9 धमाकेदार फिल्में और सीरीज

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन