Rajpal Yadav Bail Hearing Live Update: राजपाल यादव अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। सालों से वह हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं, लेकिन इस बार वह अपनी किसी फिल्म या किरदार को लेकर नहीं, बल्कि एक कानूनी मामले की वजह से सुर्खियों में हैं। खबर है कि अभिनेता तिहाड़ जेल में हैं। दरअसल यह मामला चेक बाउंस और कर्ज न चुकाने से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक राजपाल यादव पर एक वित्तीय लेन-देन का विवाद चल रहा था, जिसमें वह तय समय पर कर्ज की रकम अदा नहीं कर पाए। इस कारण मामला अदालत तक पहुंच गया। कोर्ट ने उन्हें कई अवसर दिए ताकि वह बकाया राशि चुका सकें, लेकिन बार-बार मोहलत मिलने के बावजूद भुगतान नहीं हो सका।
अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए उन्हें डिफॉल्टर की श्रेणी में माना और छह महीने की सजा सुनाई। फैसले के बाद राजपाल यादव ने कोर्ट से कुछ और समय की मांग की, ताकि वह राशि की व्यवस्था कर सकें। हालांकि उनकी यह याचिका खारिज कर दी गई। अदालत का मानना था कि पहले ही पर्याप्त अवसर दिए जा चुके हैं और अब और देरी उचित नहीं होगी। इसके बाद अभिनेता ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। जेल जाने से पहले एक पोर्टल को उन्होंने बताया कि जेल जाने के बजाय वह बकाया रकम क्यों नहीं चुका देते। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उनके पास भुगतान करने के लिए पैसे नहीं हैं और न ही इस समय उनकी मदद करने वाला कोई है।
यह मामला कैसे शुरू हुआ और इसकी पृष्ठभूमि क्या रही, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है। राजपाल यादव जैसे लोकप्रिय अभिनेता का इस तरह कानूनी संकट में फंसना इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के लिए चौंकाने वाला है। फिलहाल आज इस मामले पर कोर्ट में सुनवाई शुरू हो चुकी है और उम्मीद की जा रही है कि उन्हें बेल मिल जाएगी। उनका परिवार बेसब्री से उनके बाहर आने का इंतजार कर रहा है। दरअसल परिवार में एक फंक्सन का आयोजन होना है, इसलिए घरवाले चाहते हैं वो जल्द से जल्द बाहर आएं। इसके अलावा एक्टर के भाई ने दावा किया है कि उन्हें कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है।
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने एक्टर को फटकार लगाई है। इतना ही नहीं एक्टर ने भी अपना पक्ष रखा, उन्होंने बताया कि वो 3 करोड़ रुपये पहले ही दे चुके हैं। उन्होंने जमानत का कारण भी दिया, साथ पैसे चुकाने का वादा किया। सुनवाई फिलहाल खत्म हो गई है और कोर्ट ने साफ कर दिया है कि इस मामले में अभी राजपाल को कोई राहत नहीं मिलने वाली। उन्हें अभी जेल में ही अपनी रातें गुजारनी होंगी। कोर्ट शिकायतकर्ता का पक्ष सुनेगा और फिर फैसला सुनाएगा। अगली सुनवाई चार दिन बाद यानी सोमवार को होनी है।