1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'मेरा कुत्ता भी ये रोल...' कहकर सुपरस्टार ने ठुकराई फिल्म, आकर धर्मेंद्र की झोली में गिरी, मेकर्स हुए मालामाल

'मेरा कुत्ता भी ये रोल...' कहकर सुपरस्टार ने ठुकराई फिल्म, आकर धर्मेंद्र की झोली में गिरी, मेकर्स हुए मालामाल

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 20, 2025 07:42 am IST,  Updated : Aug 20, 2025 07:42 am IST

धर्मेंद्र ने अपने करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, जिनमें से एक 1968 में रिलीज हुई 'आंखें' भी थी। लेकिन, ये ब्लॉकबस्टर फिल्म एक सुपरस्टार ने यह कहकर ठुकरा दी थी कि 'उनका कुत्ता भी यह रोल नहीं करेगा' और ये सुनकर रामानंद सागर हैरान रह गए थे।

Dharmendra- India TV Hindi
धर्मेंद्र। Image Source : INSTAGRAM/@AAPKADHARAM

रामानंद सागर को यूं तो उनके पौराणिक धारावाहिक 'रामायण' के लिए जाना जाता है, लेकिन उन्होंने कई शानदार फिल्में भी हिंदी सिनेमा को दी हैं। इन्हीं में से एक फिल्म थी 'आंखें'। 1968 में रिलीज हुई इस फिल्म में धर्मेंद्र नजर आए थे और ये ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। लेकिन, ये बात और है कि इस फिल्म के लिए रामानंद सागर की पहली पसंद धर्मेंद्र नहीं, बल्कि एक ऐसा सुपरस्टार था जो अपने अक्खड़ और तेज-तर्रार अंदाज के लिए मशहूर था। इस सुपरस्टार ने रामानंद सागर की फिल्म कुछ ऐसे शब्दों के साथ रिजेक्ट की थी, जो हमेशा रामानंद सागर के कानों में गूंजते रहे। हम बात कर रहे हैं मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राज कुमार की, जो अपने अनोखे अंदाज और दमदार अभिनय के लिए जाने जाते थे।

जब राज कुमार ने ठुकरा दी रामानंद सागर की फिल्म

राज कुमार को आज भी 'पाकीजा', 'सौदागर', 'तिरंगा' और 'नील कमल' जैसी बेहतरीन फिल्मों के लिए याद किया जाता है। अपने डायलॉग में 'जानी...' का इस्तेमाल और गले पर हाथ फेरने का उनका अंदाज उनकी पहचान बन गया था। राजकुमार अपनी अभिनय के साथ-साथ अपनी बुद्धि और तेज तर्रार अंदाज के लिए भी प्रसिद्ध थे। उनके गुस्से के आगे बड़े-बड़े एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर्स की बोलती बंद हो जाती थी। बॉलीवुड के गलियारों में उनके बारे में कई मजेदार किस्से मशहूर हैं। ऐसा ही एक किस्सा निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर के साथ जुड़ा है। मशहूर अभिनेत्री और एंकर तबस्सुम ने अपने शो में इस किस्से का जिक्र किया था।

जब राज कुमार बोले- ये रोल मेरा कुत्ता भी नहीं करेगा

1967 की बात है, रामानंद सागर अपनी फिल्म 'आंखें' के लिए हीरो की तलाश में थे और उनके जेहन में जो सबसे पहला नाम आया वो था राज कुमार का। रामानंद सागर अपनी फिल्म में राज कुमार को साइन करना चाहते थे। उन्होंने राजकुमार को फिल्म की कहानी सुनाई, लेकिन सुपरस्टार को ये स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई। फिल्म की स्क्रिप्ट सुनने के बाद राज कुमार ने अपने पालतू कुत्ते को बुलाया और उसे कहानी सुनाते हुए मजाक में पूछा, "क्या तुम यह फिल्म करोगे?" उस समय उनका कुत्ता इधर-उधर मुंह घुमाने लगा, इसके बाद उन्होंने रामानंद सागर से कहा, ‘यह रोल तो मेरा कुत्ता भी नहीं करेगा, तो मैं कैसे कर लूं?’

राज कुमार के बर्ताव से दुखी हो गए थे रामानंद सागर

राज कुमार की ये बात और तरीका रामानंद सागर को काफी बुरा लगा और वह गुस्से में वहां से चले गए। हालांकि, रामानंद सागर ने फिर भी ये फिल्म बनाई और खास बात तो ये है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उस साल की ब्लॉकबस्टर बनकर सामने आई। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, 1968 में रिलीज हुई 'आंखें' ने बॉक्स ऑफिस पर 6.40 करोड़ का कलेक्शन किया था, जो उस दौर में काफी बड़ा आंकड़ा था।

धर्मेंद्र के हाथ लगी फिल्म

राज कुमार के इनकार के बाद 1968 में रिलीज हुई इस फिल्म में धर्मेंद्र ने मुख्य भूमिका निभाई और उनके साथ माला सिन्हा नजर आईं। रिलीज होने पर यह ब्लॉकबस्टर साबित हुई। आंखें को धर्मेंद्र के करियर की सबसे सफल फिल्मों में गिना जाता है। सिर्फ 85 लाख रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 6 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। रामानंद सागर द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में माला सिन्हा, धर्मेंद्र, कुमकुम, सुजीत कुमार, महमूद, ललिता पवार और परदुमन रंधावा ने प्रमुख भूमिका निभाई थी।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन