बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के सालों पुराने बॉडीगार्ड और करीबी दोस्त शेरा के पिता का गुरुवार को निधन हो गया। ऐसे मुश्किल वक्त में एक्टर अपने करीबी शेरा के घर संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। शेरा के पिता सुंदर सिंह जॉली का 88 वर्ष की आयु में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में किया गया। इस दुखद मौके पर सलमान खान शेरा के घर पहुंचे और उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया। इस पल का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देख लोग काफी इमोशनल हो रहे हैं और दोनों की खास बॉन्डिंग की चर्चा कर रहे हैं।
शेरा के घर पहुंचे सलमान खान
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सलमान भारी सुरक्षा के बीच अपनी कार से शेरा के घर पहुंचते नजर आए। जैसे ही वह कार से उतरे शेरा ने हमेशा की तरह उनकी कार का दरवाजा खोला। वो पहले से ही एक्टर के इंतजार में खड़े थे। गाड़ी से उतरते ही सलमान खान ने शेरा को गले लगाया और शेरा भावुक नजर आए। उनकी आंखें नम हो गईं। इसके बाद सलमान खान कुछ देर के लिए शेरा के घर रुके और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना जाहिर की। इसके बाद उन्हें वहां से निकलते हुए देखा गया।
यहां देखें वीडियो
शेरा करते हैं ये बिजनेस
इस दुखभरे मौके पर शेरा ने भी अपने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, 'मेरे पिता श्री सुंदर सिंह जॉली आज स्वर्ग सिधार गए।' यह पोस्ट कई लोगों के दिल को छू गया और शेरा के लिए सहानुभूति जाहिर करने लगे। बता दें, शेरा का असली नाम गुरमीत सिंह जॉली है। वो सलमान खान के सिर्फ बॉडीगार्ड नहीं बल्कि एक भरोसेमंद साथी भी हैं। वह 1995 से सलमान के साथ काम कर रहे हैं और अब तक उन्हें हर कदम पर सुरक्षा प्रदान करते आए हैं। शेरा केवल सलमान के बॉडीगार्ड ही नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसी ‘टाइगर सिक्योरिटी’ के मालिक भी हैं, जो बॉलीवुड के कई नामी सितारों को सुरक्षा सेवाएं देती है।
बॉडीबिल्डर रहे हैं शेरा
बॉडीबिल्डिंग की दुनिया से करियर की शुरुआत करने वाले शेरा ने 1987 में मुंबई जूनियर खिताब जीता था और 1988 में मिस्टर महाराष्ट्र जूनियर के उपविजेता बने थे। इसके बाद उन्होंने 1990 के दशक में सिक्योरिटी इंडस्ट्री में कदम रखा और जल्द ही सलमान खान के साथ जुड़ गए। सलमान और शेरा की दोस्ती फिल्मी दुनिया में एक मिसाल मानी जाती है। दोनों के बीच सिर्फ काम का रिश्ता नहीं बल्कि एक गहरी आत्मीयता है, जो हर मुश्किल वक्त में नजर आती है।
इस फिल्म में नजर आएंगे सलमान
फिल्मों की बात करें तो सलमान हाल ही में एआर मुरुगादॉस की फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आए थे, जिसमें उनके साथ रश्मिका मंदाना और काजल अग्रवाल ने भी अभिनय किया था। अब सलमान ‘बिग बॉस 19’ की मेजबानी करते नजर आएंगे और इसके साथ-साथ उनकी अगली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की तैयारियां भी जारी हैं।