1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मार्च में हुई गुपचुप शादी, अब 5 महीने में ही तलाक की सुगबुगाहट, बादशाह की पत्नी ईशा रिखी ने किया दर्द भरा पोस्ट, बोलीं- अब नहीं डरूंगी

मार्च में हुई गुपचुप शादी, अब 5 महीने में ही तलाक की सुगबुगाहट, बादशाह की पत्नी ईशा रिखी ने किया दर्द भरा पोस्ट, बोलीं- अब नहीं डरूंगी

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 28, 2026 09:15 am IST,  Updated : Jul 28, 2026 09:17 am IST

शादी के कुछ ही महीनों बाद अभिनेत्री ईशा रिखी ने रैपर बादशाह से अलगाव के संकेत दिए हैं। उन्होंने डर, चुप्पी और पति के प्रभाव से डरे होने का दर्द बयां करते हुए हिम्मत चुनने की बात कही।

badshah isha rikhi- India TV Hindi
बादशाह और ईशा रिखी। Image Source : ISHA RIKHI INSTAGRAM

पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी और मशहूर रैपर बादशाह की निजी जिंदगी को लेकर एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। दोनों की शादी के कुछ ही महीने बीते हैं और अब उनके रिश्ते में दरार और अलगाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में ईशा की सोशल मीडिया पोस्ट्स ने लोगों के बीच गहरी चिंता पैदा कर दी थी, जिसके बाद अब उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक और व्यक्तिगत संदेश साझा किया है। इस संदेश में उन्होंने किसी का नाम लिए बिना शादीशुदा जिंदगी में डर, चुप्पी और खुद को लाचार महसूस करने के अपने दर्द को जाहिर किया है।

'डर के आगे हिम्मत को चुना': ईशा का छलका दर्द

सोमवार की शाम साझा की गई इस पोस्ट में ईशा ने उन मानसिक और भावनात्मक लड़ाइयों का जिक्र किया जो बाहर से कभी दिखाई नहीं देतीं। उन्होंने लिखा कि ऐसी कई लड़ाइयां होती हैं जिनके शरीर पर कोई दिखाई देने वाले निशान नहीं होते। अभिनेत्री ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय तक सिर्फ इसलिए खामोश रहीं क्योंकि उन्हें डर लग रहा था। उन्होंने कहा कि उनके पति के प्रभाव, ताकत और संसाधनों ने उन्हें इतना डरा दिया था कि उन्हें लगने लगा था कि चुप रहना ही उनके लिए सबसे सुरक्षित रास्ता है।

अभिनेत्री का बड़ा खुलासा

ईशा ने अपने इस कड़े नोट में यह साफ कर दिया कि उनकी खामोशी को कभी भी उनकी सहमति या समझौते के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनके शब्दों में चुप्पी कभी भी परिस्थितियों को स्वीकार करना नहीं थी, बल्कि यह सिर्फ खुद को बचाने का एक जरिया थी। उन्होंने लिखा कि अब वे डर के आगे हिम्मत को चुन रही हैं। भले ही वे अभी पूरी कहानी दुनिया के सामने रखने के लिए तैयार न हों, लेकिन अब वे सब कुछ ठीक होने का नाटक करना बंद करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और अब वे और नहीं डरेंगी।

अनसीन वेडिंग वीडियो और टूटे दिल की इमोजी से बढ़ीं अटकलें

यह भावुक पोस्ट ईशा द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा की गई एक खास वीडियो मोंटाज के तुरंत बाद आई है। उस वीडियो में बादशाह के साथ बिताए गए उनके कई खास पलों के साथ-साथ उनकी सीक्रेट शादी की झलकियां भी शामिल थीं। उस पोस्ट के साथ ईशा ने लिखा था, 'हर तूफान एक सबक होता है और हर प्रार्थना एक उम्मीद।' इसके साथ उन्होंने टूटे हुए दिल का इमोजी भी लगाया था। शादी के कुछ ही महीनों बाद इस तरह के वीडियो और टूटे दिल के इमोजी ने दोनों के बीच सब कुछ ठीक न होने के संकेतों को हवा दे दी थी।

सीक्रेट वेडिंग से लेकर सोशल मीडिया के विवाद तक

गौरतलब है कि बादशाह और ईशा रिखी ने इसी साल एक निजी समारोह में शादी रचाई थी। उन्होंने लंबे समय तक अपने रिश्ते को दुनिया की नजरों से छिपा कर रखा था। उनकी शादी की खबर भी तब सामने आई थी जब ईशा की मां ने सोशल मीडिया पर शादी के कुछ क्लिप मार्च में शेयर कर दिए थे। बाद में ईशा ने मई में खुद एक सवाल-जवाब के सेशन में शादी की पुष्टि की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि शादी को क्यों छिपाया गया इसके बारे में बादशाह से सवाल किया जाए।

बादशाह अभी भी हैं खामोश

हालांकि शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के महज कुछ महीनों के भीतर ही जिस तरह से ईशा ने अपनी व्यथा बयां की है, उससे उनके अलग होने के कयास लगाए जा रहे हैं। ईशा ने अपनी पोस्ट में किसी खास घटना का जिक्र नहीं किया है और दूसरी तरफ बादशाह ने भी अब तक इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने अब तक शादी पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

ये भी पढ़ें: साउथ सुपरस्टार राम चरण अस्पताल में भर्ती, अमेरिकी डॉक्टरों की टीम ने की कलाई की पेचीदा सर्जरी, दी हेल्थ अपडेट

कौन हैं समरीन कौर? जिनके प्यार में क्लीन बोल्ड हुए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, सरेआम किया रिश्ते का ऐलान

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन