बॉलीवुड के चहेते सुपरस्टार शाहरुख खान ने आखिरकार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार जीत लिया है जो उन्हें उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जवान' के लिए मिला। यह जीत एक्टर को उनके तीन दशक लंबे करियर के बाद हासिल हुई है, जिसके बाद से वह हर तरह चर्चा में बने हुए है। किंग खान आमतौर पर सोशल मीडिया बहुत कम इस्तेमाल करते हैं, लेकिन जब बात उनके फैंस से बातचीत करने की हो तो वह वक्त निकल ही लेते हैं। नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद शाहरुख ने X पर #AskSRK सेशन रखा। इस दौरान लोगों ने उनसे कई तरह के सवाल किए, जिसका उन्होंने अपने स्टाइल में जवाब दिया। इस सेशन में उन्होंने नेशनल अवॉर्ड जीतने पर अपनी खुशी जताई और साथ ही अपनी अपकमिंग फिल्म के बारे में भी अपडेट दी है।
नेशनल अवॉर्ड जीतने पर क्या बोले किंग खान
इस यादगार पल का जश्न मनाने के लिए शाहरुख ने शनिवार को एक्स (जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था) पर #AskSRK सेशन रखा, जिसमें उनके फैन ने पूछा, 'राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद आप कैसा महसूस कर रहे हैं? राष्ट्रीय पुरस्कार या जनता का प्यार?' किंग स्टाइल में उन्होंने जवाब दिया, 'वाह!!!!! मैं देश के राजा जैसा महसूस कर रहा हूं!!! इतना सम्मान और इतनी जिम्मेदारी कि आगे बढ़ने के लिए मुझे कड़ी मेहनत करना है!!' वहीं, एक और प्रशंसक ने उनकी जीत का जश्न मनाते हुए एक भावुक स्लाइड शो पोस्ट किया। यह देख सुपरस्टार ने जवाब में लिखा, 'आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। शुक्रिया!!!'
शाहरुख खान ने अपनी नई फिल्म पर दिया अपडेट
जब बॉलीवुड सुपरस्टार से एक फैन ने सवाल किया, 'आपकी नई फिल्म कब रिलीज हो रही है? किंग या कोई और? इस पर शाहरुख ने कहा, 'सिर्फ किंग नाम तो सुना होगा?' बता दें कि हाल ही में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता की घोषणा हुई थी, जिसमें शाहरुख खान ने अपना पहला नेशनल अवॉर्ड फिल्म 'जवान' के लिए बतौर बेस्ट एक्टर जीता है। काम की बात करें तो सुपरस्टार जल्द ही अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'किंग' में नजर आएंगे, जिसमें उनकी बेटी सुहाना खान भी हैं।