1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मौत से चंद घंटे पहले असरानी ने किया था आखिरी पोस्ट, देखकर फैंस बोले- जाते-जाते भी चेहरे पर मुस्कान दे गया

मौत से चंद घंटे पहले असरानी ने किया था आखिरी पोस्ट, देखकर फैंस बोले- जाते-जाते भी चेहरे पर मुस्कान दे गया

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Oct 21, 2025 02:57 pm IST,  Updated : Oct 21, 2025 02:58 pm IST

दिवाली के दिन दिग्गज एक्टर असरानी के निधन ने सभी को चौंका दिया। अपनी कॉमिक टाइमिंग से सभी को मुरीद बनाने वाले एक्टर 20 अक्टूबर के दिन इस दुनिया को अलविदा कह गए, लेकिन जाने से कुछ पल पहले ही उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा किया था, जो अब हर किसी का ध्यान खींच रहा है।

govinda asrani- India TV Hindi
गोविंदा और असरानी। Image Source : ASRANIOFFICIAL/INSTAGRAM

बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता और हास्य कलाकार गोवर्धन असरानी जिन्हें प्यार से असरानी के नाम से जाना जाता था सोमवार को इस दुनिया को अलविदा कह गए। लंबी बीमारी के बाद एक्टर का दिवाली के दिन निधन हो गया। वे 84 वर्ष की उम्र में अपने चाहने वालों और करीबियों को छोड़ गए। उनका अंतिम संस्कार सांताक्रूज श्मशान घाट पर परिवार के करीबी सदस्यों की मौजूदगी में बीते दिन ही कर दिया गया। अब उनकी मौत के बाद उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे बार-बार देखा जा रहा है और लोग कह रहे हैं कि असरानी जाते-जाते भी लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना नहीं भूले।

वायरल हुआ आखिरी पोस्ट

असरानी के मैनेजर बाबू भाई थिबा ने एएनआई को बताया कि असरानी का दोपहर लगभग 3 बजे जुहू स्थित आरोग्य निधि अस्पताल में निधन हुआ। उनके परिवार में उनकी पत्नी, बहन और भतीजा शामिल हैं। एक मार्मिक घटना यह भी रही कि निधन के ठीक कुछ घंटे पहले लगभग दोपहर 2 बजे अभिनेता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिवाली की शुभकामनाएं साझा की थीं। हालांकि हो सकता है कि यह अपडेट उनके परिवार या स्टाफ ने किया हो। इस पोस्ट में एक जलता दिया और दिवाली की बधाई देखने को मिली। इसे देखने के बाद फैंस का यही कहना है कि उन्होंने अपनी एक विश से लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।

Asrani last post
Image Source : ASRANI INSTAGRAMअसरानी का आखिरी पोस्ट।

इन फिल्मों से बनाई थी पहचान

अपने 50 से अधिक वर्षों के करियर में असरानी हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और प्रिय कलाकारों में से एक बने। अपनी बेजोड़ कॉमिक टाइमिंग और भावपूर्ण अभिनय के लिए मशहूर, उन्होंने 350 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्होंने 1960 के दशक में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और 1970 के दशक में विश्वसनीय चरित्र अभिनेताओं में गिने जाने लगे। उनके यादगार अभिनय की झलकियां 'मेरे अपने', 'कोशिश', 'बावर्ची', 'परिचय', 'अभिमान', 'चुपके चुपके', 'छोटी सी बात' और 'रफू चक्कर' जैसी फिल्मों में देखी जा सकती हैं। बाद में उन्होंने 'भूल भुलैया', 'धमाल', 'बंटी और बबली 2', 'आर... राजकुमार', 'ऑल द बेस्ट' और 'वेलकम' जैसी सफल कॉमेडी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई।

इस फिल्म में आएंगे नजर

उनकी कई भूमिकाओं के बीच 1975 की क्लासिक फिल्म 'शोले' में उन्होंने निभाया जेल वार्डन का किरदार भारतीय पॉप संस्कृति का एक यादगार हिस्सा बन गया। असरानी ने लेखन और निर्देशन में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। 1977 में उन्होंने 'चला मुरारी हीरो बनने' का लेखन, निर्देशन और अभिनय किया, जिसे समीक्षकों ने सराहा। इसके बाद उन्होंने 1979 में 'सलाम मेमसाब' का निर्देशन किया और गुजराती सिनेमा में भी अपनी छाप छोड़ी। वो आखिरी बार अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्म 'हेरा फेरी 3' और 'हैवान' में नजर आएंगे। असरानी के परिवार में उनकी पत्नी मंजू असरानी, उनकी बहन और भतीजा शामिल हैं। इनकी कोई संतान नहीं थी।

ये भी पढ़ें: Thamma Movie Review: कहानी की जान हैं आयुष्मान खुराना, इन किरदारों ने दिया उम्मीद से ज्यादा, जानें कैसी है फिल्म

कपूर खानदान का डांसिंग स्टार था IT की दुनिया का बेताज बादशाह, 32 साल पहले 70 की उम्र में बना इंटरनेट का GOAT

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन