1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पहले उल्टी-दस्त, फिर सोते-सोते काल के मुंह में समा गया था ये एक्टर, करीना-शाहरुख के साथ भी किया था काम

पहले उल्टी-दस्त, फिर सोते-सोते काल के मुंह में समा गया था ये एक्टर, करीना-शाहरुख के साथ भी किया था काम

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 01, 2025 11:42 pm IST,  Updated : Jul 01, 2025 11:42 pm IST

'कभी खुशी कभी गम' फेम विकास सेठी ने सितंबर 2024 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था और उनकी मौत ने सबको हैरान कर दिया था। अभिनेता की जब मौत हुई वह सो रहे थे और नींद में ही उनकी मौत हो गई थी।

vikas sethi- India TV Hindi
करीना-शाहरुख संग 'कभी खुशी कभी गम' में भी नजर आए थे विकास सेठी। Image Source : INSTAGRAM

'कांटा लगा गर्ल' के नाम से मशहूर शेफाली जरीवाला का हाल ही में निधन हो गया। उनके निधन ने सबको चौंका दिया। अभिनेत्री 42 साल की थीं और इस उम्र में उनके निधन से सब हैरान हैं। ऐसे ही पिछले साल यानी 2024 में भी एक एक्टर की मौत ने सबको हैरान कर दिया था, जिसने शाहरुख खान, करीना कपूर जैसे स्टार्स के साथ काम किया था। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' जैसे हिट टीवी सीरियल का हिस्सा रहे विकास सेठी ने 48 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। जिस तरह शेफाली जरीवाला का अचानक निधन हुआ, उसी तरह विकास की भी असमय मौत ने सबको चौंका दिया था। जब उनका निधन हुआ वह नींद में थे।

8 सितंबर 2024 को ली आखिरी सांस

विकास सेठी के निधन के बाद उनकी पत्नी ने पीटीआई के साथ बातचीत में बताया था कि आखिर विकास सेठी के साथ आखिरी समय में क्या-क्या हुआ था। अभिनेता की पत्नी जाह्नवी सेठी ने बताया था कि विकास सेठी एक फैमिली फंक्शन में शामिल होने नासिक गए थे और उन्हें उल्टी-दस्त की भी शिकायत थी। लेकिन, वह हॉस्पिटल नहीं जाना चाहते थे, तो घर पर ही डॉक्टर को बुला लिया गया। वह आराम करने चले गए, जिसके बाद वह कभी नहीं उठे।

नींद में ही आया हार्ट अटैक

विकास सेठी की पत्नी ने कहा था- 'हम जब नासिक अपनी मां के घर पहुंचे तो उन्हें उल्टी-दस्त हो रहे थे, लेकिन वह अस्पताल नहीं जाना चाहते थे। इसलिए हमने डॉक्टर को घर पर ही बुला लिया। लेकिन, सुबह 6 बजे जब मैं उन्हें जगाने गई तो वह नहीं उठे। डॉक्टर्स ने हमें बताया कि बीती रात ही हार्ट अटैक के चलते उनका निधन हो गया।'

बीते कई सालों से नहीं था काम

विकास सेठी बीते कई सालों से छोटे पर्दे से गायब थे, उनके पास कोई काम नहीं था और यही वजह थी कि वह आर्थिक तंगी से भी जूझ रहे थे। वह कुछ साल पहले काम ना मिलने के चलते डिप्रेशन में भी थे। विकास सेठी ने टीवी के साथ-साथ फिल्मों में भी काम किया था। उन्होंने 'कभी खुशी कभी गम' में करीना कपूर के कॉलेज फ्रेंड रणधीर उर्फ रॉबी का रोल प्ले किया था। इसके अलावा वह 'दीवानापन' में भी नजर आए थे और आखिरी बार तेलुगु साइंस फिक्शनल 'इस्मार्ट शंकर' में दिखाई दिए थे।

इन टीवी शोज ने दिलाई पहचान

विकास सेठी ने अपने करियर में कई हिट टीवी शोज में काम किया। उनके चर्चित टीवी शोज की बात करें तो वह 'कभी सास भी कभी बहू थी', 'ससुराल सिमर का' और 'कहीं तो होगा' जैसे टीवी सीरियल्स के जरिए घर-घर में पहचान बनाई थी। इसके अलावा वह कसौटी जिंदगी की, उतरन, गीतः हुई सबसे पराई और क्यों होता है प्यार जैसे शोज में भी काम किया था।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन