1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जाकिर हुसैन के निधन से शोक में बॉलीवुड, अमिताभ-करीना ने दी श्रद्धांजलि, अनुपम बोले- 'दिल ना जाने...'

जाकिर हुसैन के निधन से शोक में बॉलीवुड, अमिताभ-करीना ने दी श्रद्धांजलि, अनुपम बोले- 'दिल ना जाने...'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Dec 16, 2024 11:23 am IST,  Updated : Dec 16, 2024 11:35 am IST

मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने सोमवार की सुबह इस दुनिया को अलविदा कह दिया। जाकिर हुसैन के निधन की खबर से बॉलीवुड सेलेब्स भी शॉक्ड हैं। कई सितारों ने मशहूर तबला वादक के निधन पर प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त किया है।

zakir hussain- India TV Hindi
जाकिर हुसैन को इन सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि Image Source : INSTAGRAM

मशहूर तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन का सोमवार की सुबह अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में निधन हो गया। अमेरिका में रह रहे 73 वर्षीय तबला वादक दिल से जुड़ी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जाकिर करीब 2 हफ्तों से अस्पताल में भर्ती थे, लेकिन रविवार को उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया था। जाकिर हुसैन के निधन की खबर ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। बॉलीवुड सितारों ने भी मशहूर तबला वादक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अमिताभ बच्चन से लेकर करीना कपूर तक, बी-टाउन के कई सितारों ने जाकिर के निधन पर शोक जताया और श्रद्धांजलि दी।

इन सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि

अमिताभ बच्चन ने X पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा- 'बहुत दुखद दिन...' इसके बाद उन्होंने अपने ब्लॉग पर जाकिर हुसैन को श्रद्धांजलि दी और लिखा, 'एक प्रतिभा.. एक बेजोड़ उस्ताद.. एक अपूरणीय क्षति.. जाकिर हुसैन।' वहीं करीना कपूर खान ने इंस्टाग्राम पर जाकिर हुसैन की एक फोटो शेयर की, जिसमें वह करीना के पिता और दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर के साथ नजर आ रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा- 'हमेशा से उस्ताद'। मलाइका अरोड़ा ने भी तबला वादक की एक तस्वीर शेयर की और लिखा- 'रेस्ट इन पीस लीजेंड।'

zakir hussain
Image Source : INSTAGRAMकरीना कपूर सहित इन सेलेब्स ने जाकिर हुसैन को श्रद्धांजलि दी

अक्षय कुमार-अनुपम खेर ने भी दी श्रद्धांजलि

अक्षय कुमार ने जाकिर हुसैन को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- 'उस्ताद ज़ाकिर हुसैन साब के दुखद निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। वह वास्तव में हमारे देश की संगीत विरासत के लिए एक खजाना थे। ॐ शांति।' अनुपम खेर ने लिखा- 'दिल ना जाने कब तक उदास रहने वाला है! आवाज़ ना जाने कब तक खामोश रहने वाली है!! अलविदा मेरे दोस्त।इस दुनिया से गए हो! यादों में सदियों तक रहने वाले हो! तुम भी… तुम्हारा हुनर भी… और तुम्हारी दिल की गहराइयों तक छू जाने वाली बच्चों जैसी मुस्कुराहट भी!!' वहीं रणवीर सिंह, सोनाली बेंद्रे, रिद्धिमा कपूर साहनी और अन्य सितारों ने भी दिवंगत तबला वादक को श्रद्धांजलि दी है।

पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण थे जाकिर हुसैन

ज़ाकिर हुसैन एक प्रसिद्ध तबला वादक हैं जिनका जन्म 9 मार्च, 1951 को बॉम्बे (अब मुंबई) में हुआ था। उनके पिता उस्ताद अल्लाह रक्खा खान अपने समय के प्रसिद्ध तबला वादक थे। उन्होंने तबला वादन की कला अपने पिता से सीखी। उस्ताद ज़ाकिर हुसैन ने सात साल की उम्र में संगीत समारोहों में तबला बजाना शुरू कर दिया था। उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से की। जाकिर ने वाशिंगटन विश्वविद्यालय से संगीत में डॉक्टरेट की डिग्री पूरी की। उन्होंने 1991 में प्लैनेट ड्रम के लिए ड्रमर मिकी हार्ट के साथ सहयोग किया, जिसने ग्रैमी पुरस्कार जीता।

फिल्मों के साउंडट्रैक में भी दिया योगदान

बाद के वर्षों में, हुसैन ने कई फिल्मों के साउंडट्रैक में योगदान दिया। जाकिर हुसैन को 1991 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह अटलांटा में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के लिए संगीत तैयार करने वाली टीम का भी हिस्सा थे। वह पहले भारतीय संगीतकार भी हैं जिन्हें 2016 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा ऑल-स्टार ग्लोबल कॉन्सर्ट में भाग लेने के लिए व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया गया था। जाकिर हुसैन को भारत सरकार द्वारा 1988 में पद्म श्री, 2002 में पद्म भूषण और 2023 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन