समय रैना पिछले दिनों अपने शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर खासे सुर्खियों में रहे। इस शो में रणवीर अल्लाहबादिया ने अपनी उपस्थिति के दौरान कुछ ऐसा कह दिया, जिसे लेकर वह और उनका शो विवादों में घिर गया और स्टैंडअप कॉमेडियन ने यूट्यूब से अपने शो के सारे एपिसोड हटा दिए। यही नहीं, सोशल मीडिया पर भी उन्होंने अपनी एक्टिविटी कम कर दी। लेकिन, लंबे समय तक चले विवाद के बाद अब समय रैना धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। समय रैना ने हाल ही में अपन नए कॉमेडी टूर की जानकारी दी। कॉमेडियन ने हाल ही में अपने शो को लेकर हुए विवाद के बाद पहली सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराई। इसी दौरान उन्होंने अपने शो इंडियाज गॉट लेटेंट की वापसी पर भी रिएक्शन दिया।
इंडियाज गॉट लेटेंट को लेकर विवाद के बाद, कॉमेडियन समय रैना अब अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश में जुटे हैं। इसी बीच कॉमेडियन से उनकी सार्वजनिक उपस्थिति के दौरान उनके शो की वापसी को लेकर सवाल किया गया, जिस पर उनके रिस्पॉन्स ने कई लोगों को हैरान कर दिया।
अपने कमबैक टूर की घोषणा करने के बाद हाल ही में समय रैना ने पहली सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराई। हाल ही में उन्हें एक सीरीज 'है जूनून' की स्क्रीनिंग के दौरान मुंबई में स्पॉट किया गया। इस दौरान समय ने एक ब्लू टी-शर्ट और पजामा पहना था। इवेंट के दौरान समय ने बहुत ही गर्मजोशी के साथ अपने फैंस से मुलाकात की और सेल्फी भी क्लिक कराईं। इसी दौरान एक फोटोग्राफर ने समय रैना से पूछा, 'भाई, शो वापस कब आ रहा है?'
सवाल सुनते ही पहले तो समय रैना चौंक गए और फिर कहा, 'अरे...' और इसके बाद वह हंसने लगे। हालांकि, इससे पहले कि सवाल के जवाब में समय कुछ और कहते उनके एक दोस्त ने उन्हें अपनी तरफ खींच लिया। जाते-जाते समय रैना पीछे मुड़े और फोटोग्राफर की तरफ देखकर हंसने लगे। वहीं जब किसी ने उनसे वेब सीरीज 'है जुनून' को लेकर सवाल किया तो उनके दोस्त ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें पैपराजी से दूर रखने की कोशिश की। हालांकि, समय जाते-जाते बोले- 'मैंने यह सीरीज नहीं देखी है। मैं जिम में वर्कआउट करने गया था। यह मेरा दोस्त है, और मैं अभी उसके साथ आया हूं। मुझे नहीं पता कि आप किस बारे में बात कर रहे हैं।'
समय रैना का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। कई यूजर्स ने इस पर रिएक्शन भी दिया है। एक ने कमेंट में लिखा है, “समय बहुत प्यारा और मजेदार है”, जबकि दूसरे ने लिखा है, “समय को मुस्कुराते हुए देखकर बहुत खुशी हुई”। बता दें, समय रैना ने मंगलवार को ही सोशल मीडिया के जरिए अपने कमबैक टूर की जानकारी फैंस के साथ साझा की थी। उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि 5 जून से लेकर 20 जून के बीच यूरोप, यूके, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में उनके शो होंगे।
संपादक की पसंद