टीवीएफ यानी द वायरल फीवर की कई सीरीज ऐसी हैं जो दर्शकों के दिलों में बसती हैं। फिर चाहे वो ग्रामीण जीवन की झलक दिखाती 'पंचायत', मिडिल क्लास फैमिली का संघर्ष दिखाती सीरीज 'गुल्लक' या फिर एक एस्पिरेंट की जिंदगी के स्ट्रगल से रूबरू कराती 'द एस्पिरेंट्स', टीवीएफ अब तक अपनी कई सीरीज से दर्शकों का मनोरंजन भी कर चुकी है। टीवीएफ की सीरीज की कहानी सीधे दर्शकों के दिलों को छूती हैं। कभी भावुक करती हैं तो कभी हंसाती हैं। लेकिन, क्या आपने टीवीएफ की वो सीरीज देखी है जो उन दिनों की याद दिलाती है, जो स्टूडेंट्स की जिंदगी के संघर्ष को दिखाती है।
टीवीएफ की इस सीरीज को आईएमडीबी पर मिली है 9 रेटिंग
हम जिस सीरीज की बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं बल्कि 'कोटा फैक्ट्री' है। आईआईटी, जेईई और एनईईटी जैसी इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए छात्रों के संघर्ष को दिखाती ये सीरीज काफी पसंद की गई है। कोटा फैक्ट्री की कहानी भारत की कोचिंग राजधानी के नाम से मशहूर शहर कोटा और यहां पहुंचने वाले छात्रों के इर्द-गिर्द घूमती है और यहां बड़े-बड़े सपनों का भार लेकर पहुंचने वाले छात्रों की मेहनत और परेशानियों का दर्द बयां करती है। इस सीरीज की कहानी बेहद संवेदनशील और दिलों को छूने वाली है।
क्या है कोटा फैक्ट्री की कहानी
जितेंद्र कुमार, एहसास चन्ना, मयूर मोरे, उर्वी शर्मा और नवीन कस्तूरिया जैसे सितारों वाली ये सीरीज वैभव नाम के युवा छात्र की कहानी बताती है, जो आईआईटी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए इटारसी से कोटा पहुंचता है और यहां के कोचिंग सेंटर में एडमिशन लेता है। शो कोटा में रहकर इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के जीवन की चुनौतियों, संघर्ष और मानसिक तनाव को दिखाती है, जो पूरे देश के अलग-अलग शहरों से यहां पहुंचते हैं। ये एक ब्लैक एंड व्हाइट सीरीज है, जिसके जरिए छात्रों की जिंदगी के नीरस और संघर्षपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालने की कोशिश की गई है।
अब तक आ चुके हैं चार सीजन
बता दें, कोटा फैक्ट्री के अब तक तीन सीजन आ चुके हैं और तीनों को दर्शकों से काफी प्यार मिला है। दर्शक इस सीरीज के अगले भाग यानी सीजन 4 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिस पर काम चल रहा है। फिलहाल इसकी रिलीज डेट जारी नहीं की गई है, लेकिन 2026 में ये सीजन रिलीज हो सकता है। इस सीरीज की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे आईएमडीबी पर 9 रेटिंग मिली है और इसे टीवीएफ की सबसे बेहतरीन सीरीजों में से एक माना जाता है।