1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 20वें सीजन में बदला 'बिग बॉस' का नियम, हर कंटेस्टेंट को मिलेगा एक्स्ट्रा जीवनदान, सेफ खेलने का मौका खत्म

20वें सीजन में बदला 'बिग बॉस' का नियम, हर कंटेस्टेंट को मिलेगा एक्स्ट्रा जीवनदान, सेफ खेलने का मौका खत्म

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 12, 2026 02:13 pm IST,  Updated : Aug 12, 2026 02:13 pm IST

सलमान खान ने किया बिग बॉस हिंदी सीजन 20 के सबसे बड़े ट्विस्ट का खुलासा कर दिया है। हर खिलाड़ी को एक एक्स्ट्रा जीवनदान मिलेगा। ट्रेलर में नए नियम की झलक देखने को मिली है।

salman khan- India TV Hindi
सलमान खान। Image Source : STILL FROM TRAILER

रियलिटी शो 'बिग बॉस' अपने 20वें सीजन के साथ एक बार फिर छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रहा है। JioHotstar और COLORS ने बुधवार, 12 अगस्त को 'बिग बॉस हिंदी सीजन 20' का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया है। हर बार की तरह इस बार भी शो के होस्ट सलमान खान ने एक बड़े सरप्राइज के साथ फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। इस लैंडमार्क सीजन में मेकर्स एक नया कॉन्सेप्ट लेकर आ रहे हैं, जिसे 'एक्स्ट्रा जीवनदान' नाम दिया गया है। इस नए ट्विस्ट के सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि इस बार घर के अंदर सेफ गेम खेलने वाले कंटेस्टेंट्स के लिए कोई जगह नहीं होने वाली है।

ट्रेलर में दिखी झलक

जारी किए गए प्रोमो वीडियो में दो योद्धाओं के बीच छिड़ी तीखी जंग को दिखाया गया है, जिसे बीच में रोकते हुए सलमान खान की एंट्री होती है। सलमान अपने सिग्नेचर स्टाइल में दर्शकों को बताते हैं कि इस बार बिग बॉस के घर में सभी को 'एक्स्ट्रा जीवनदान' मिलेगा और फिर वह अपने खास अंदाज में तथास्-टू कहते नजर आते हैं। इस नए फीचर के आने से कंटेस्टेंट्स के पास बेबाक चालें चलने और बड़े रिस्क लेने की आजादी होगी, लेकिन यह जीवनदान उन्हें कब, किस कीमत पर और कैसे मिलेगा, इसे लेकर फिलहाल सस्पेंस बरकरार रखा गया है।

गेमप्ले में बड़ा बदलाव, रिस्क लेने पर मजबूर होंगे कंटेस्टेंट्स

शो के 20वें सीजन को खास बनाने के लिए इस बार इसके फॉर्मेट में कई नई परतें जोड़ी गई हैं। जियोस्टार (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज़) में हिंदी एवं इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिज़नेस के प्रमुख आलोक जैन ने इस ऐतिहासिक पड़ाव पर बात करते हुए बताया कि 20 सीजन का सफर पूरा करना किसी भी टीवी फ्रैंचाइज़ी के लिए बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि इस मील के पत्थर तक पहुंचने के बाद मेकर्स का मुख्य लक्ष्य गेम को नए सिरे से गढ़ना था। इस बार लाए गए नए नियम और चुनौतियां प्रतिभागियों को अपनी पुरानी रणनीतियों को छोड़कर पूरी तरह से नए तरीके से खेलने और लगातार रिस्क उठाने के लिए मजबूर करेंगी।

'जीवनदान' जितना सीधा दिखता है, उतना है नहीं: सलमान खान

इस नए सीजन और उसके अनोखे थीम को लेकर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का कहना है कि बिग बॉस के घर में हर साल नियम बदलते हैं, लेकिन इस बार तो पूरा खेल खेलने का तरीका ही पलटने वाला है। नए ट्विस्ट पर बात करते हुए सलमान ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि 'जीवनदान' शब्द सुनने में जितना आसान और सीधा लगता है, हकीकत में यह उतना आसान नहीं होगा। इसके पीछे छिपे असली नियम और मुसीबतें तो कंटेस्टेंट्स को घर के अंदर कदम रखने के बाद ही समझ आएंगी।

इस बार दांव पहले से कहीं ज्यादा ऊंचे हैं और हर एक फैसला प्रतिभागियों के पूरे सफर की दिशा तय कर सकता है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि खिलाड़ी इस 'एक्स्ट्रा जीवनदान' का फायदा उठाकर ट्रॉफी तक पहुंचते हैं या फिर यह नया ट्विस्ट उन्हीं के लिए आफत बन जाता है। बिग बॉस हिंदी सीजन 20 का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर से JioHotstar और COLORS पर स्ट्रीम किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  क्रिकेट के बाद अब TV पर हिटमैन का जलवा, रोहित शर्मा कर रहे छोटे पर्दे पर डेब्यू, मचाएंगे धमाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन