1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. एक्ट्रेस ने झेला मिसकैरिज का दर्द, याद करके निकले आंसू, बोली- '9 हफ्ते में ही मैंने...'

एक्ट्रेस ने झेला मिसकैरिज का दर्द, याद करके निकले आंसू, बोली- '9 हफ्ते में ही मैंने...'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 02, 2025 06:50 am IST,  Updated : Jun 02, 2025 06:50 am IST

हाल ही में इस एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि अपने बेटे को जन्म देने से पहले भी वह प्रेग्नेंट हुई थीं, लेकिन तीन महीने में पूरे होने से पहले ही उनका मिसकैरिज हो गया। इतना कहते ही एक्ट्रेस इमोशनल हो गईं।

Gauahar Khan- India TV Hindi
गौहर खान का मिसकैरिज पर छलका दर्द Image Source : INSTAGRAM

गौहर खान ने पिछले दिनों ही खुलासा किया था कि वह दूसरी बार मां बनने वाली हैं। एक्ट्रेस ने इससे पहले 2023 में बेटे जेहान को जन्म दिया था और अब गौहर दूसरी बार प्रेग्नेंट हैं। हाल ही में गौहर खान ने भी अपना व्लॉग शुरू किया है और इस व्लॉग में वह अपनी मदरहुड जर्नी के बारे में बात करती दिखीं। एक्ट्रेस ने इस दौरान अपनी प्रेग्नेंसी के अलावा उस मुश्किल दौर के बारे में भी बात की, जब वह बुरी तरह टूट गई थीं। एक्ट्रेस ने अपने व्लॉग में अपने मिसकैरिज का खुलासा किया और रो पड़ीं।

जेहान से पहले भी प्रेग्नेंट हुई थीं गौहर

गौहर खान ने बताया कि जेहान को जन्म देने से पहले भी वह एक बार प्रेग्नेंट हुई थीं। वह और उनके पति जैद दरबार बेहद खुश थे। लेकिन, उनकी खुशी तब दुख में बदल गई, जब 9वें हफ्ते में आकर उनका मिसकैरिज हो गया। ये गौहर के लिए उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर था। अपनी जिंदगी के उस फेज के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री इमोशनल हो गईं और रो पड़ीं।

9वें हफ्ते में खो दिया बच्चा

व्लॉग में गौहर कहती हैं- 'एक बात है जो मैंने आज तक किसी को नहीं बताई। मैं ये बात बहुत हिम्मत करके बता रही हूं। जेहान को जन्म देने से पहले मेरा एक मिसकैरिज हुआ था। उस फीलिंग के बारे में क्या बता सकती हूं। उस दर्द को शब्दों में बयां कर पाना नामुमकिन है। मेरे लिए ये मान पाना बहुत मुश्किल था। प्रेग्नेंसी के 9 हफ्ते बाद मैंने अपना बच्चा खो दिया। 2 महीने से ज्यादा का वक्त हो गया था। ये मेरे लिए बहुत ही मुश्किल समय था।'

2020 में हुई थी शादी

गौहर आगे अपने बेटे जेहान के जन्म के बारे में बात करती हैं और कहती हैं कि उन्होंने जेहान को नेचुरली कंसीव किया था और इसे वह ऊपरवाले की मेहर मानती हैं। बता दें, गौहर खान 2020 में म्यूजिक डायेक्टर इस्माइल दरबार के बेटे जैद दरबार के साथ शादी के बंधन में बंधी थीं। जैद पेशे से एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और कोरियोग्राफर हैं। शादी के 3 साल बाद एक्ट्रेस ने अपने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम कपल ने जेहान रखा है। वहीं पिछले दिनों ही एक्ट्रेस ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन