1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. कहां हैं 'रामायण' की शूर्पणखा, जिसकी लक्ष्मण ने काटी थी नाक, शाहरुख खान की बनी बहन, अब जी रही हैं ऐसी लाइफ

कहां हैं 'रामायण' की शूर्पणखा, जिसकी लक्ष्मण ने काटी थी नाक, शाहरुख खान की बनी बहन, अब जी रही हैं ऐसी लाइफ

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 04, 2025 01:01 pm IST,  Updated : Jun 04, 2025 03:19 pm IST

छोटे पर्दे पर मशहूर पौराणिक शो रामायण के कलाकारों को लोग खूब पसंद करते हैं और आज भी प्यार देते हैं। उनकी कमी टीवी के छोटे पर्दे पर खलती है। इस शो में एक्ट्रेस रेणु धारीवाल ने रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार निभाया था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अब वह कहां हैं?

ramayan, surpanakha- India TV Hindi
'रामायण' की शूर्पणखा वाला सीन। Image Source : INSTAGRAM

रामायण भारतीय टेलीविजन इतिहास का सबसे लोकप्रिय धारावाहिक रहा है। 80 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए इस पौराणिक शो की चर्चा आज भी होती है। राम, रावण और सीता जैसे मुख्य किरदारों के अलावा इसमें कई सहायक भूमिकाएं भी थीं, जिन्हें कलाकारों ने बखूबी निभाया। ऐसा ही एक किरदार था रावण की बहन शूर्पणखा का, जिसे अभिनेत्री रेणु धारीवाल ने बेहद प्रभावशाली तरीके से निभाया था। उनका किरदार छोटा था, लेकिन लोगों को काफी पसंद आया था। लक्ष्मण द्वारा शूर्पणखा की नाक काटी गई थी और ये सीन आज भी लोग नहीं भूल पाए हैं। इसी सीन ने रेणुका को घर-घर में फेमस कर दिया था। अब एक्ट्रेस कहां हैं ये हर कोई जानना चाहता है, आइए जानें, अब कहां हैं ये अदाकारा।

जब दोबारा शुरू हुआ रामायण...

रामानंद सागर की 'रामायण' आज भी दर्शकों की फेवरेट बनी हुई है। भले ही यह अब दूरदर्शन पर प्रसारित नहीं होती, लेकिन यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर इसे बड़े चाव से देखा जाता है। इस शो की तरह ही इसकी कास्ट भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है। शो के हर किरदार के पीछे एक दिलचस्प कास्टिंग स्टोरी रही है। लॉकडाउन के दौरान जब इस धारावाहिक का दोबारा प्रसारण हुआ, तब एक बार फिर इसकी लोकप्रियता चरम पर पहुंच गई थी। इस दौरान एक बार फिर लोगों के सामने पर्दे पर शूर्पणखा आईं और लोग पूछने लगे कि आखिर वो कहां हैं। 

इस रोल के लिए मिली थी इतनी फीस

रेणु धारीवाल ने कुछ साल पहले इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें शूर्पणखा का रोल मिलने की कहानी काफी रोचक थी। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता था कि 22 साल की उम्र में मुझे ये भूमिका मिल जाएगी। उस वक्त मुझसे कहा गया कि शो की बाकी कास्ट फाइनल हो चुकी है और केवल रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार बचा है। मैं राजी हो गई। फिर उन्होंने मुझे जोर से हंसने को कहा। मेरी हंसी बहुत खास नहीं थी, लेकिन जैसे ही मैंने जोर से हंसी, रामानंद सागर जी ने उसी पल मुझे इस रोल के लिए चुन लिया।' इस किरदार के लिए उन्हें 30 हजार रुपये मिले थे, जो उस समय के लिहाज से एक बड़ी रकम थी।'

ramayan, surpanakha
Image Source : INSTAGRAMरेणु धारीवाल।

अब करती हैं ये काम

बता दें, साल 1992 की फिल्म दिल आशना है में रेनू धारीवाल और शाहरुख खान ने सह-अभिनय किया। फिल्म में रेनू धारीवाल ने शाहरुख खान की बहन का किरदार निभाया था। फिल्म में दिव्या भारती, जीतेंद्र, मिथुन चक्रवर्ती और अन्य उल्लेखनीय कलाकार भी थे। आज रेणु धारीवाल मुंबई के अंधेरी इलाके में अपने पति और बेटे के साथ रहती हैं। रामायण में काम करने के बाद उन्हें खासी लोकप्रियता मिली, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने एक्टिंग को करियर के रूप में ज्यादा आगे नहीं बढ़ाया। फिलहाल वे राजनीति में सक्रिय हैं और कांग्रेस पार्टी में एक कार्यकर्ता के रूप में काम कर रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन