आज बिग बॉस-19 में वीकेंड के वॉर को होस्ट करने पहुंचे सलमान खान धर्मेंद्र को याद कर भावुक हो गए। यहां सलमान खान उदास मन से कहा कि काश मैं आज बिग बॉस होस्ट नहीं कर रहा होता। लेकिन जिंदगी आगे बढ़ती रहती है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। सलमान खान ने नम आंखों से अपने चहेते सितारे धर्मेंद्र को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी है। बीते दिनों धर्मेंद्र का निधन हो गया था।
धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए सलमान खान
सलमान खान आज बिग बॉस-19 में वीकेंड का वॉर होस्ट करने पहुंचे हैं। यहां पहुंचते ही सलमान खान ने पहले अशनूर और तान्या के बीच हुए फिजिकल लड़ाई को लेकर घरवालों से चर्चा की। बीते दिनों टास्क के दौरान अशनूर ने तान्या पर एक लकड़ी का पट्टा फेक दिया था। जिसके बाद सलमान खान ने अशनूर की खूब क्लास लगाई और उन्हें घर से बाहर करने की भी बात कही। अशनूर का बिग बॉस-19 का सफर यहीं खत्म हो गया है। इसके बाद सलमान खान ने उदास मन से धर्मेंद्र को भी याद किया। सलमान खान ने बताया, 'ये हफ्ता काफी अजीब रहा है। इस हफ्ते हमने एक सितारे को खो दिया है। इंडस्ट्री का इतना बड़ा लॉस हुआ है। हम सभी को इसका दुख है। मैं काफी उदास हूं और काश आज मुझे ये शो होस्ट नहीं करना होता। लेकिन क्या करें जिंदगी आगे बढ़ती रहती है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।'
आखिरी हफ्ते में पहुंचा शो
बता दें कि बिग बॉस-19 अब अपने अंतिम चरण में है और आखिरी हफ्ता बचा है। अशनूर कौर को बिग बॉस-19 का घर छोड़कर जाना पड़ा है। अब घर में केवल गौरव खन्ना, शहबाज, अमाल, मालती, तान्या और फरहाना भट्ट बची हैं। अब देखना होगा कि कौन इस सीजन की ट्रॉफी का विजेता बनने वाला है। फिनाले 7 दिसंबर को होने वाला है और ये आखिरी वीकेंड है। सलमान खान ने आज वीकेंड के वॉर पर फरहाना को भी फटकार लगाई है। फरहाना के व्यवहार को लेकर भी खूब लताड़ा है। अब देखना होगा कि अब कौन बिग बॉस-19 के घर से बाहर होने वाला है। 7 दिसंबर को बिग बॉस-19 के नए विनर का भी नाम सामने आ जाएगा।