1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. कंपकंपाते हुए जमीन पर गिर पड़ी थीं शेफाली जरीवाला, मौत से पहले क्या-क्या हुआ, जानें

कंपकंपाते हुए जमीन पर गिर पड़ी थीं शेफाली जरीवाला, मौत से पहले क्या-क्या हुआ, जानें

 Reported By: Saket Rai Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Jun 28, 2025 08:06 pm IST,  Updated : Jun 28, 2025 08:06 pm IST

शेफाली जरीवाला की मौत ने लोगों को हैरान कर दिया। एक्ट्रेस की मौत ने लोगों को तोड़कर रख दिया है। लोग ये जानना चाहते हैं कि आखिर उनकी मौत से पहले क्या हुआ था और अब इससे जुड़ी अपडेट सामने आ गई है।

Shefali jariwala- India TV Hindi
शेफाली जरीवाला। Image Source : INSTAGRAM

‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के अचानक हुए निधन ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। आज सुबह शेफाली का पोस्टमॉर्टम किया गया, हालांकि उसकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। इस बीच अंबोली पुलिस स्टेशन से जुड़े सूत्रों ने उनकी मौत से जुड़े मामले में कुछ अहम जानकारियां साझा की हैं, जो चौंकाने वाली हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि शेफाली जरीवाला पिछले करीब 8 सालों से एंटी-एजिंग दवाएं और इंजेक्शन ले रही थीं। पुलिस ने एक्ट्रेस के घर से कई दवाएं बरामद की हैं। साथ ही बताया गया कि उनकी मौत से पहले क्या कुछ हुआ था। इस मामले में 8 लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

मौत से पहले की रात क्या हुआ?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रात करीब 11 बजे शेफाली को अचानक कंपकंपी हुई और वे जमीन पर गिर पड़ीं। आशंका है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उस वक्त उनके पति पराग त्यागी, मां और कुछ अन्य करीबी लोग भी घर में मौजूद थे। इसके बाद जब पुलिस ने शेफाली के घर की तलाशी ली तो वहां से बड़ी मात्रा में दवाइयां बरामद हुईं। इनमें एंटी-एजिंग इंजेक्शन, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, गैस और पेट की समस्याओं से जुड़ी दवाएं भी शामिल थीं। बताया जा रहा है कि 27 जून को उनके घर पर एक धार्मिक पूजा आयोजित की गई थी, जिसमें उन्होंने उपवास रखा था। बावजूद इसके उन्होंने दोपहर में नियमित रूप से एंटी-एजिंग इंजेक्शन लिया। जांच अधिकारियों के अनुसार उपवास के दौरान यह इंजेक्शन लेना उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है और यही कार्डियक अरेस्ट की वजह बना हो सकता है। हालांकि इस संबंध में अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

8 लोगों से पूछताछ, कोई घरेलू विवाद नहीं

पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें परिजन, घरेलू कर्मचारी और अस्पताल के डॉक्टर शामिल हैं। फिलहाल किसी तरह के पारिवारिक विवाद की आशंका को खारिज कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में एडीआर (Accidental Death Report) दर्ज की है और जांच प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शेफाली जरीवाला का अंतिम संस्कार आज ही मुंबई के ओशिवारा हिंदू श्मशान भूमि में किया जाएगा। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए परिवार, दोस्त और इंडस्ट्री के तमाम लोग जुटे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन