दुनिया के 3 और देशों के झंडे में हैं तिरंगे के रंग, क्या आप जानते हैं उनके नाम?
दुनिया के 3 और देशों के झंडे में हैं तिरंगे के रंग, क्या आप जानते हैं उनके नाम?
भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे जैसे रंग आइवरी कोस्ट, आयरलैंड और नाइजर के झंडों में भी हैं। हालांकि इन रंगों का अर्थ और झंडों की बनावट अलग है। आइए, जानते हैं इन झंडों के बारे में।
Published : Jul 22, 2025 12:40 pm IST, Updated : Jul 22, 2025 12:40 pm IST
1/6Image Source : pixabay.com
National Flag Day: आज 22 जुलाई है और भारत में इस दिन को राष्ट्रीय ध्वज दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन हमारे तिरंगे की शान, उसकी गरिमा और इसके पीछे छिपे गहरे अर्थ को याद करने का मौका देता है। तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हमारी आजादी, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
2/6Image Source : pixabay.com
दिलचस्प बात यह है कि हमारे तिरंगे जैसे ही रंग कुछ अन्य देशों के झंडों में भी हैं। हालांकि यह और बात है कि दूसरे देशों के झंडों में जो रंग हैं उनका अर्थ हमारे तिरंगे से कहीं अलग है। आज हम आपको इन देशों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके ध्वज में कमोबेश वही रंग हैं जो हमारे तिरंगे में हैं।
3/6Image Source : pixabay.com
भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा द्वारा अपनाया गया था। इसकी डिजाइन पिंगली वेंकैया ने तैयार की थी। तिरंगे के तीन रंगों में केसरिया रंग हिम्मत, बलिदान और त्याग का प्रतीक है। सफेद रंग शांति, सच्चाई और पवित्रता का प्रतीक है। हरा रंग समृद्धि, उर्वरता और विकास का प्रतीक है। वहीं, अशोक चक्र सम्राट अशोक के धर्मचक्र से प्रेरित है जो प्रगति और गतिशीलता के बारे में बताता है।
4/6Image Source : pixabay.com
अब हम आपको उन 3 देशों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके राष्ट्रीय ध्वज केरंग तो तिरंगे जैसे ही हैं, लेकिन इनके अर्थ और झंडों की बनावट में अंतर है। इनमें पहला देश है आइवरी कोस्ट जिसका झंडा नारंगी, सफेद और हरे रंग से बना है। भारत के तिरंगे में रंग क्षैतिज हैं, जबकि आइवरी कोस्ट के झंडे में ये रंग लंबवत हैं। झंडे का नारंगी रंग देश की उन्नति और लोगों की महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। सफेद रंग शांति और एकता का प्रतीक है, जबकि हरा रंग जंगलों और प्राकृतिक संपदा की समृद्धि को दिखाता है।
5/6Image Source : pixabay.com
आयरलैंड का झंडा भी नारंगी, सफेद और हरे रंगों से बना है, और यह भी लंबवत धारियों में है। आयरलैंड का झंडा 1919 में अपनाया गया था, जब देश ब्रिटिश शासन से आजादी की लड़ाई लड़ रहा था। आयरलैंड के ध्वज में हरा रंग देश के कैथोलिक समुदाय और देश की हरियाली को दर्शाता है। सफेद रंग कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट समुदायों के बीच शांति और एकता का प्रतीक है। जबकि नारंगी रंग प्रोटेस्टेंट समुदाय को दर्शाता है, जो विलियम ऑफ ऑरेंज से प्रेरित है।
6/6Image Source : pixabay.com
नाइजर का झंडा भी नारंगी, सफेद और हरे रंगों से बना है, और इसके बीच में एक नारंगी गोलाकार प्रतीक है। यह झंडा 1959 में अपनाया गया था। नारंगी रंग सहारा रेगिस्तान की रेत और देश की उत्तरी भूमि को दर्शाता है। सफेद रंग शांति और पवित्रता का प्रतीक है, जबकि हरा रंग देश के दक्षिणी हिस्से की हरियाली और कृषि को दिखाता है। ध्वज में नारंगी रंग का गोला सूरज का प्रतीक है, जो जीवन और उर्जा का स्रोत है।