इंडियन प्रीमियर लीग 2021 के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने तीन बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स पर 7 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था।
इस मुकाबले में दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर चेन्नई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत खराब रही लेकिन मध्यक्रम में सुरेश रैना (54) के अर्द्धशतक और मोइन अली की 36 रनों की दमदार पारी से निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 188 रन बनाए।
चेन्नई के द्वारा दिए गए इस लक्ष्य का पीछा करने उतरे दिल्ली के लिए शिखर धवन और पृथ्वी ने टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने अपना-अपना अर्द्धशतक पूरा किया। पृथ्वी 72 रन बनाए जबकि धवन 85 रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली के लिए अंत में कप्तान पंत 12 गेंद में 15 रन बनाकर लौटे जबकि मार्कस स्टोयनिस ने 14 रनों का योगदान दिया। इस तरह दिल्ली की टीम ने इस मैच में 8 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य को पूरा कर 3 विकेट पर 190 रन बना लिए।
दिल्ली के लिए सबसे सफल गेंदबाज आवेश खान रहे जिन्होंने ओपनर बल्लेबाज फाफ डुप्लेसी और महेंद्र सिंह धोनी को शून्य पर आउट किया। आवेश के अलावा क्रिस वोक्स को भी दो सफलता हासिल हुई। जबकि अश्विन और टॉम करन को एक-एक विकेट मिला।