वैभव सूर्यवंशी बनाम बाबर आजम, 18 टी20 मैचों के बाद ऐसा है दोनों का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी बनाम बाबर आजम, 18 टी20 मैचों के बाद ऐसा है दोनों का रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अभी इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम नहीं रखा है, लेकिन उससे पहले ही उनको लेकर काफी चर्चा देखने को मिलती है। ऐसे में हम आपको वैभव सूर्यवंशी और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर की टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड की तुलना करते हुए उनके आंकड़े बताने जा रहे हैं।
Published : Feb 12, 2026 05:26 pm IST, Updated : Feb 12, 2026 05:26 pm IST
1/6Image Source : AP
भारतीय टीम के उभरते हुए 14 साल के युवा बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का हाल में खत्म हुए आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में बल्ले से धमाकेदार पारी देखने को मिली थी। वहीं अब सभी की नजरें वैभव के इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू को लेकर टिकी हुई हैं। वहीं इससे पहले ही वैभव की कई दूसरे खिलाड़ियों के साथ तुलना भी देखने को मिलती है, जिसमें पाकिस्तान के भी प्लेयर्स का नाम शामिल है जो किसी भी मामले में वैभव के आगे कहीं भी टिकते हुए नहीं दिखते हैं। ऐसे में हम आपको वैभव सूर्यवंशी और पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान बाबर के टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड की तुलना करते हुए उनके आंकड़ों के बारे में बताने जा रहे हैं।
2/6Image Source : AP
वैभव सूर्यवंशी का अभी क्रिकेट करियर अधिक बड़ा नहीं हैं और उन्होंने टी20 फॉर्मेट में कुल 18 मैच ही खेले हैं। वहीं बाबर आजम को लेकर बात की जाए तो वह टी20 फॉर्मेट में 344 मैच खेल चुके हैं। ऐसे में हम आपको वैभव सूर्यवंशी और बाबर आजम का 18 टी20 मैचों के बाद कैसा प्रदर्शन था उसके बारे में बताने जा रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने 18 टी20 मैचों में अब तक 18 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 41.23 के औसत से 701 रन बनाए हैं। बाबर आजम ने 18 टी20 मैचों की 17 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 41.5 के औसत से 498 रन बनाए थे।
3/6Image Source : AFP/AP
वैभव सूर्यवंशी की गिनती अभी से ही आक्रामक बल्लेबाजों में की जाने लगी है, जिनको रोकना गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल दिखाई देता है। वैभव के बल्ले से अभी तक 18 टी20 मैचों में तीन शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है। बाबर आजम ने 18 टी20 मैचों में एक भी शतकीय पारी नहीं खेली थी, लेकिन चार फिफ्टी लगाने में जरूर कामयाब रहे थे।
4/6Image Source : AP
वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक अपने छोटे से करियर में ये तो साबित कर दिया कि वह काफी आसानी से गेंद को स्टैंड में पहुंचाने की क्षमता रखते हैं। वैभव के बल्ले से 18 टी20 मैचों में कुल 62 छक्के और 53 चौके देखने को मिले हैं। बाबर आजम अभी तक इस मामले में काफी पीछे दिखते हैं, जिन्होंने 18 टी20 मैचों में जहां सिर्फ 10 छक्के लगाए थे तो वहीं 54 चौके ही लगाने में कामयाब हो सके थे।
5/6Image Source : AFP/AP
वैभव सूर्यवंशी का 18 टी20 मैचों के बाद एक मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह 144 रनों की पारी है। बाबर आजम का 18 टी20 मैचों के बाद एक मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर नाबाद 77 रनों की पारी थी।
6/6Image Source : AFP/AP
वैभव सूर्यवंशी और बाबर आजम दोनों का 18 टी20 मैचों के बाद स्ट्राइक रेट देखा जाए तो उसमें बिना किसी शक के वैभव काफी आगे दिखाई देते हैं। वैभव सूर्यवंशी का 18 टी20 मैचों में स्ट्राइक रेट 204.37 का है। बाबर आजम का 18 टी20 मैचों में स्ट्राइक रेट सिर्फ 119.13 का था।