'बिग बॉस' का हर सीजन अपने आप में खास होता है। यहां तक कि दर्शकों को मनोरंजन का भरपूर मसाला देने के लिए मेकर्स एड़ी चोटी तक का जोर लगा देते हैं। ताकि शो की टीआरपी जबरदस्त हो। शो की टीआरपी बढ़ाने के लिए वैसे तो कई चीजों का तड़का लगाया जाता है फिर चाहे वो प्यार हो या फिर तकरार। आज हम आपको 'बिग बॉस' के अब तक के सीजन के कुछ ऐसे कंटेस्टेंट्स के नाम बताएंगे जो सबसे ज्यादा झगड़ालू कहलाए। ये कभी शो के कंटेस्टेंट्स तो कभी शो में आए मेहमानों से भी लड़ाई झगड़ा करने में पीछे नहीं हटे। जानें 'बिग बॉस' सीजन 1 से 13वें सीजन तक ऐसे कौन से कंटेस्टेंट्स रहे जिन्होंने शो के दौरान सबसे ज्यादा झगड़ा किया।
'बिग बॉस' सीजन 1 से 13वें सीजन तक अगर सबसे झगड़ालू कंटेस्टेंट का टैग किसी को दिया जाए तो वो इमाम सिद्दीकी हैं। इमाम ने शो के दौरान भरपूर अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही वह अपनी हरकतों से घरवालों को इस कदर परेशान कर देते थे कि सामने वाला रो देता था। कई बार तो उनका ड्रेसिंग सेंस भी लोगों को डरा चुका है। इमाम 'बिग बॉस' सीजन 6 में नजर आए थे।
'बिग बॉस' सीजन 4 में डॉली बिंद्रा सबसे ज्यादा चीखने चिल्लाने और झगड़ालू कंटेस्टेंट रहीं। डॉली बिंद्रा शो के दौरान अपनी दमदार आवाज और अपशब्दों की वजह से काफी लाइम लाइट में रहीं। यहां तक कि शो के दौरान ऐसा कोई भी कंटेस्टेंट नहीं बचा जिससे डॉली ने झगड़ा ना किया हो।
स्वामी ओम को भी भुलाना मुश्किल है। 'बिग बॉस' सीजन 10 में स्वामी ओम ने बेशर्मी की सारी हदें ही पार कर दी थी। स्वामी ओम ने ना केवल घरवालों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया बल्कि कुछ ऐसी हरकतें भी की जिससे घरवाले बहुत परेशान हो गए थे। यहां तक कि स्वामी ओम को 'बिग बॉस' के घर से बीच से ही बाहर कर दिया था।
प्रियंका जग्गा भी 'बिग बॉस 10' में नजर आई थीं। स्वामी ओम की तरह तो नहीं लेकिन प्रियंका ने भी घरवालों को शो के दौरान बहुत परेशान किया। हालांकि प्रियंका और स्वामी ओम दोनों में कॉमन बात ये थी कि इन्हें भी बीच में से ही शो से बाहर कर दिया गया था।
'बिग बॉस' के सीजन 5 में कंटेस्टेंट बनकर आई पूजा मिश्रा ने भी अपने व्यवहार से लोगों को नाराज किया जिसके चलते कम वोट मिलने से उन्हें बेघर होना पड़ा।
केआरके भी कुछ कम नहीं थे। वैसे तो केआरके विवादित बयानों और ट्विटर पर पोस्ट के चलते हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। लेकिन 'बिग बॉस 3' में केआरके बतौर कंटेस्टेंट नजर आए थे। शो के दौरान केआरके ने भी खूब झगड़ा किया।
'बिग बॉस' सीजन 11 की अर्शी खान की। अर्शी तो 'बिग बॉस' में आने से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई थीं। वहीं, शो में अर्शी ने अश्लीलता परोसने की पुरजोर कोशिश की। अर्शी का भी घरवालों से खूब झगड़ा हुआ था।
आखिर में बात करेंगे 'बिग बॉस' सीजन 13 की। इस सीजन में मधुरिमा तूली और विशाल का खूब झगड़ा हुआ था। बात इतनी बढ़ गई थी कि मधुरिमा तूली ने विशाल को पैन से मारा भी था। जिसके बाद दोनों को सजा के तौर पर जेल में रहना भी पड़ा था। इसके बाद दोनों को शो से बाहर निकाल दिया गया था।