1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Gujarat Election: गुजरात चुनाव के लिए AAP ने जारी की प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट, जानें किसे मिला टिकट, अब तक उतारे 41 उम्मीदवार

Gujarat Election: गुजरात चुनाव के लिए AAP ने जारी की प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट, जानें किसे मिला टिकट, अब तक उतारे 41 उम्मीदवार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 06, 2022 07:49 pm IST,  Updated : Oct 06, 2022 07:49 pm IST

Gujarat Election: अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासित राज्य में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की घोषणा की थी।

AAP Chief Arvind kejriwal- India TV Hindi
AAP Chief Arvind kejriwal Image Source : PTI

Highlights

  • आम आदमी पार्टी ने की 12 और उम्मीदवारों की घोषणा
  • आदिवासी सहित विभिन्न वर्गों के उम्मीदवारों को टिकट
  • गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP

Gujarat Election: आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची गुरुवार को जारी कर दी, जिसमें शिक्षकों, व्यापारियों और आदिवासियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासित राज्य में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। 

 सूची के साथ अब तक 41 उम्मीदवारों की घोषणा

गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाली आप ने नवीनतम सूची के साथ अब तक 41 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उम्मीदवारों की चौथी सूची में 12 सीट शामिल हैं, जिनमें से दो- गरबाड़ा और गंडवी- अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। इन 12 में से दो सीट 2017 में कांग्रेस ने जीती थी, जबकि 10 पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। इन दर्जन भर सीट में से दो- अमराईवाड़ी और वटवा- अहमदाबाद शहर में हैं, जबकि एक- लिंबायत- सूरत शहर में है। 

'उम्मीदवारों में शिक्षक, व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल'

गुजरात आप के अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि ताजा सूची में उम्मीदवारों में शिक्षक, व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। उम्मीदवारों की सूची में हिम्मतनगर सीट से निर्मलसिंह परमार शामिल हैं, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि गांधीनगर (दक्षिण) के दौलत पटेल एक व्यवसायी हैं। इटालिया ने संवाददाताओं से कहा कि कुलदीप वाघेला (साणंद सीट) उद्योगपति हैं, बिपिल पटेल (वटवा) कपड़ों की दुकान चलाते हैं और भरत पटेल (अमरईवाड़ी) आप कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पूर्व में निगम का चुनाव भी लड़ा है। अन्य उम्मीदवारों में रामजीभाई चुडासमा (केशोद) कोली समुदाय के नेता हैं जो पहले कांग्रेस से जुड़े थे। 

इटालिया ने कहा कि नटवरसिंह राठौड़ (थसरा, खेड़ा जिला) ने जिला पंचायत सदस्य के रूप में काम किया है, जबकि तख्तसिंह सोलंकी (शहर, पंचमहल जिला) इस क्षेत्र के लोकप्रिय नेता हैं। दिनेश बरिया (कलोल, पंचमहल जिला) कला शिक्षक हैं, जबकि शैलेश भाभोर (गरबाड़ा) आप कार्यकर्ता हैं। आप नेता ने कहा कि पंकज तायडे (लिंबायत, सूरत) एक व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जबकि पंकज पटेल (गंडवी) युवा आदिवासी नेता हैं। 

AIMIM ने तीन उम्मीदवारों की घोषणा की है

आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्य में आक्रामक रूप से प्रचार कर रहे हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए उनका रैलियों और सभाओं का दौर जारी है, जिनमें वह मुफ्त बिजली और बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं सहित कई चुनावी वायदे कर रहे हैं। बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने तीन उम्मीदवारों की घोषणा की है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।