1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात सरकार ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए 10,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की

गुजरात सरकार ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए 10,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की

 Published : Nov 07, 2025 10:57 pm IST,  Updated : Nov 07, 2025 11:18 pm IST

बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए सरकार ने बड़ी राहत दी है। राहत पैकेज का ऐलान करने से पहले सीएम भूपेंद्र पटेल और अन्य मंत्रियों ने प्रभावित गांवों का दौरा भी किया।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल- India TV Hindi
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल Image Source : PTI

गुजरात सरकार ने उन किसानों के लिए शुक्रवार को 10,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की, जिनकी फसलें हाल में हुई बेमौसम बारिश के कारण नष्ट हो गई थीं। कृषि मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता जीतू वघानी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किसानों को हुए नुकसान की व्यापक समीक्षा के बाद यह घोषणा की। 

प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर तक 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर

वघानी ने गांधीनगर में संवाददाताओं को बताया कि सरकार प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर तक 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता प्रदान करेगी। मंत्री ने कहा, ‘किसानों को उनकी फसलों को हुए व्यापक नुकसान से शीघ्र उबरने में मदद करने के लिए, राज्य सरकार इस राहत पैकेज के तहत लगभग 10,000 करोड़ रुपये की कुल सहायता राशि वितरित करेगी।’ 

सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं किसान

उन्होंने कहा, ‘अगर किसी किसान को लगता है कि नुकसान उठाने के बावजूद उसे लाभार्थियों की सूची में शामिल नहीं किया गया है, तो भी वह सहायता के लिए आवेदन कर सकता है।’ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बयान में मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि उनकी सरकार प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में पूरी सहानुभूति के साथ किसानों के साथ खड़ी है। 

सीएम भूपेंद्र पटेल ने प्रभावित गांवों का दौरा किया

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राहत पैकेज पर निर्णय लेने से पहले पटेल और अन्य मंत्रियों ने प्रभावित गांवों का दौरा किया और किसानों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘राज्य भर में फसलों को हुए व्यापक नुकसान को देखते हुए, मैं धरतीपुत्रों के लिए 10,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा कर रहा हूं। इसके अलावा, राज्य सरकार 9 नवंबर से किसानों से एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर 15,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मूंगफली, मूंग, उड़द और सोयाबीन की खरीद भी करने जा रही है।’ (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।