1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में भीषण सड़क हादसा, तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, ड्राइवर समेत 5 की मौके पर मौत और 35 घायल

गुजरात में भीषण सड़क हादसा, तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, ड्राइवर समेत 5 की मौके पर मौत और 35 घायल

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Feb 02, 2025 12:36 pm IST,  Updated : Feb 02, 2025 12:40 pm IST

हादसे के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मृतक ड्राइवर समेत सभी शवों की पहचान कर ली है।

खाई में गिरी बस- India TV Hindi
खाई में गिरी बस Image Source : SOCIAL MEDIA

गुजरात के डांग जिले में रविवार सुबह भीषड़ सड़क हादसा हो गया। जहां तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक प्राइवेट बस गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। 35 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 

सुबह 4 बजे हुए हादसा

प्रभारी पुलिस अधीक्षक एसजी पाटिल ने बताया कि दुर्घटना सुबह 4.15 बजे हुई, जब सापुतारा हिल स्टेशन के पास बस चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने कहा कि 48 तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस क्रैश बैरियर तोड़ते हुए करीब 35 फीट गहरी खाई में गिर गई। 

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान बस चालक रतनलाल जाटव, दो अन्य पुरुष भोलाराम कोसवा और बिजरोनी यादव तथा दो महिलाएं गुड्डीबाई यादव और कैलाशबाई यादव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों की एक टीम ने बचाव अभियान चलाया। उन्होंने यात्रियों को बस से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया है।

गंभीर घायलों को दूसरे अस्पताल में किया गया रेफर

पुलिस अधिकारी पाटिल ने कहा कि कुल 35 यात्रियों का नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में इलाज चल रहा है, जिनमें से 17 को जिले के आहवा स्थित सिविल अस्पताल में रेफर किया गया है। 

हिल स्टेशन से 2.5 किलोमीटर दूर हुई दुर्घटना

महाराष्ट्र के नासिक जिले के धार्मिक स्थल त्र्यंबकेश्वर से यात्री रात में गुजरात के द्वारका के लिए निकले थे। अधिकारी ने कहा कि वे अपनी यात्रा फिर से शुरू करने से पहले चाय के लिए सापुतारा में कुछ देर रुके थे, तभी हिल स्टेशन से 2.5 किलोमीटर दूर यह दुर्घटना हो गई। 

मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं तीर्थयात्री

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी और अशोक नगर जिलों के रहने वाले तीर्थयात्री 23 दिसंबर, 2024 को विभिन्न राज्यों में धार्मिक स्थलों की यात्रा पर चार अलग-अलग बसों में सवार होकर निकले थे। डांग कलेक्टर महेश पटेल ने बताया कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना तब हुई जब तीर्थयात्रियों को ले जा रही चार बसों में से एक बस खाई में गिर गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।