गुजरात के साबरकांठा जिले में हिम्मतनगर के पास डोलगढ़ पटिया इलाके में एक सड़क हादसे के बाद तनाव की स्थिति बन गई। यहां पूनम के मेले में शामिल होने जा रहे पदयात्रियों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में करीब 5 से 7 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
आग की लपटों में घिरी कार
बताया जा रहा है कि पदयात्रियों को टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। यह देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने कार को रोक लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कार में आग लगा दी। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में जिला पुलिस अधीक्षक (DSP), DySP के साथ रूरल, बी-डिविजन और LCB यूनिट के जवान शामिल थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया
वहीं, कार में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
काफी ऊंची उठी आग की लपटें और धुएं का गुबार
काफी देर तक बीच सड़क में कार जलती रही। जलती हुई कार की आग की लपटें और धुआं कई फीट ऊंचे तक उठ रहे थे। सड़क से गुजरने वाले वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घायलों में कितनी महिलाएं, पुरुष और बच्चे?
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज चल रहा है। साथ ही घायलों की पहचान की जा रही है। अभी ये जानकारी सामने नहीं आई है कि इसमें कितने महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
वहीं, इस हादसे को देख पूनम के मेले में शामिल होने जा रहे लोगों में दहशत का माहौल है। पैदल चलने वाले यात्री अब बहुत सावधानी पूर्वक सड़क से निकल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: