1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. महाकुंभ से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही वैन की ट्रक से हुई भीषण टक्कर, गुजरात में 4 की मौत, कई घायल

महाकुंभ से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही वैन की ट्रक से हुई भीषण टक्कर, गुजरात में 4 की मौत, कई घायल

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Feb 15, 2025 12:44 pm IST,  Updated : Feb 15, 2025 12:46 pm IST

वैन में 10 तीर्थयात्री सवार आ रहे थे। सभी प्रयाराज के महाकुंभ मेले से लौट कर आ रहे थे। तभी वैन ट्रक की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में 4 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : META AI

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ का मेला आयोजित हो रहा है। यहां बड़ी संख्या में देश के कोने-कोने से तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। महाकुंभ से तीर्थयात्रियों को ला रही एक पर्यटक वैन शुक्रवार देर रात गुजरात के दाहोद जिले में राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे 4 लोगों की मौत हो गई। 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

मृतकों में एक महिला भी शामिल

पुलिस के अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना इंदौर-अहमदाबाद राजमार्ग पर लिमखेड़ा के पास देर रात करीब सवा दो बजे हुई। उन्होंने कहा कि 10 तीर्थयात्रियों को ला रही एक पर्यटक वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। अधिकारी ने कहा कि मृतकों में एक महिला भी शामिल है। 

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

पुलिस ने कहा कि मारे गए लोग भरूच जिले के अंकलेश्वर और अहमदाबाद जिले के धोलका के रहने वाले थे। अधिकारी ने कहा, ‘तीर्थयात्री महाकुंभ से लौट रहे थे। एक महिला समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।’ 

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अंकलेश्वर निवासी देवराज नकुम (49) और उनकी पत्नी जासुबा (47) तथा धोलका निवासी सिद्धराज डाभी (32) और रमेश गोस्वामी (47) के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।