हरियाणा के हिसार जिले के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। हिसार से दुबई के लिए कार्गो सेवा शुरू करने को लेकर हरियाणा सरकार ने तैयारियां तेज की हैं। नागरिक उड्डयन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी. कुमार ने सीएम नायब सैनी को इस संबंध में जानकारी दी है।
हिसार से होगी पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान
पी कुमार ने बताया कि दुबई के लिए प्रस्तावित उड़ान, हिसार हवाई अड्डे से कार्गो सेवा के लिए हरियाणा की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान होगी। फिलहाल राज्य सरकार इस विषय पर केंद्र सरकार से दिल्ली में बातचीत कर रही है।
हिसार से जयपुर के लिए फ्लाइट
हाल ही में यानी 12 सिंतबर (शुक्रवार) को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार हवाई अड्डे से जयपुर के लिए उड़ान सेवाओं का उद्घाटन किया था। यह समारोह चंडीगढ़ से वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया था।
आधुनिक कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सैनी ने इस उद्घाटन को न केवल एक नए हवाई मार्ग की शुरुआत बताया, बल्कि हरियाणा के विकास, क्षेत्रीय एकीकरण और आधुनिक कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया था। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया था कि विमानन क्षेत्र में राज्य की बढ़ती पहचान एक आत्मनिर्भर, प्रगतिशील और समावेशी भविष्य की आधारशिला होगी।
नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा हरियाणा
सैनी ने इस बात पर जोर डाला कि हरियाणा पारंपरिक रूप से कृषि-प्रधान राज्य रहा है, लेकिन अब यह हवाई संपर्क बढ़ाकर नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2014 से नागरिक उड्डयन विकास सरकार की प्राथमिकता रही है।
पीएम मोदी ने अयोध्या के लिए शुरू की थीं उड़ानें
बता दें कि इस साल की शुरुआत में पीएम मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान सेवा का उद्घाटन किया था। साथ ही हवाई अड्डे के दूसरे टर्मिनल की आधारशिला भी रखी थी।