1. Hindi News
  2. भारत
  3. गुड न्यूज़
  4. इंदौर: मध्यप्रदेश पुलिस ने तमिलनाडु के युवक को गूगल वॉइस ट्रांसलेटर की मदद से घर भेजा

इंदौर: मध्यप्रदेश पुलिस ने तमिलनाडु के युवक को गूगल वॉइस ट्रांसलेटर की मदद से घर भेजा

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Mar 15, 2022 03:18 pm IST,  Updated : Mar 15, 2022 03:18 pm IST

भटककर इंदौर पहुंचे तमिलनाडु के युवक को गूगल वॉइस ट्रांसलेटर की मदद से पुलिस ने उसको मूल निवास स्थान भेजा

Google Voice Translator- India TV Hindi
Google Voice Translator Image Source : GOOGLE

Highlights

  • तमिल भाषी युवक को इंदौर पुलिस ने पहुंचाया घर
  • युवक की तमिल भाषा पुलिस नहीं समझ पा रही थी
  • गूगल वॉइस ट्रांसलेटर की मदद से भेजा घर

इंदौर: तमिलनाडु से मालवाहक ट्रक में बैठकर मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंचने के बाद बदहवास हालत में भटक रहे 18 वर्षीय युवक को स्थानीय पुलिस ने गूगल वॉइस ट्रांसलेटर की मदद से पहचान की और उसे मदुरै जिले स्थित उसके घर भेजा। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जूनी इंदौर पुलिस थाने के प्रभारी अभय नेमा ने बताया कि मदुरै जिले के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाला युवक एक मालवाहक ट्रक में बैठकर हाल ही में इंदौर आया था। उसने बताया कि उसके पास जो पैसे थे, वह खर्च हो गया थे, जिसके बाद वह शहर की लोहा मंडी में बदहवास हालत में भटक रहा था। 

थाना प्रभारी ने बताया कि युवक हिन्दी नहीं समझता था। हमने हिन्दी में उससे उसका पता-ठिकाना पूछा, तो वह जवाब नहीं दे सका और तमिल बोलकर इशारों में अपनी बात समझाने की कोशिश करने लगा। उसके पास खुद का मोबाइल भी नहीं था। चूंकि स्थानीय पुलिस कर्मी तमिल नहीं समझते हैं, इसलिए गूगल वॉइस ट्रांसलेटर की मदद से भाषा की दिक्कत दूर की गई और युवक से उसका मूल निवास स्थान पता किया गया।

युवक एक पुलिस कर्मी के मोबाइल के माइक पर तमिल में आपबीती सुना रहा था और तुरंत इसका अनुवाद हिन्दी में हो रहा था। नेमा के मुताबिक, युवक की पहचान काली के रूप में हुई है और उसने पुलिस को बताया कि उसने दो दिन से खाना नहीं खाया था। जूनी इंदौर पुलिस थाने में काली को भोजन कराया और इसके बाद उसे ट्रेन के जरिये मदुरै जिले स्थित उसके घर के लिए सोमवार को रवाना कर दिया गया। थाना प्रभारी के मुताबिक, काली ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह अपने दादा-दादी के साथ रहता है। वह मालवाहक ट्रक से अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था, लेकिन किसी विवाद के चलते ट्रक चालक उसे इंदौर में उतारकर आगे बढ़ गया था।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Good News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत