1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को किया संबोधित, जानिए भाषण की 10 बड़ी बातें

पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को किया संबोधित, जानिए भाषण की 10 बड़ी बातें

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 30, 2020 04:51 pm IST,  Updated : Jun 30, 2020 04:55 pm IST

PM Modi Speech HIGHLIGHTS: पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के नवंबर तक विस्तार का ऐलान के अलावा पूरे देश में एक राशन कार्ड व्यवस्था लागू करने की भी बात कही।

PM Narendra Modi - India TV Hindi
पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को किया संबोधित, जानिए भाषण की 10 बड़ी बातें Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली. मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने दो बड़ी घोषणाएं कीं। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के नवंबर तक विस्तार का ऐलान के अलावा पूरे देश में एक राशन कार्ड व्यवस्था लागू करने की भी बात कही। आइए आपको बतातें हैं पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें।

  1. जब से देश में  Unlock-One हुआ है,  व्यक्तिगत और सामाजिक व्यवहार में लापरवाही भी बढती ही चली जा रही है ।  पहले हम मास्क को लेकर, दो गज की दूरी को लेकर,  20 सेकेंड तक दिन में कई बार हाथ धोने को लेकर बहुत सतर्क थे। लॉकडाउन के दौरान बहुत गंभीरता से नियमों का पालन किया गया था।अब सरकारों को, स्थानीय निकाय की संस्थाओं को, देश के नागरिकों को, फिर से उसी तरह की सतर्कता दिखाने की जरूरत है।
  2. लॉकडाउन के दौरान देश की सर्वोच्च प्राथमिकता रही कि ऐसी स्थिति न आए कि किसी गरीब के घर में चूल्हा न जले।  केंद्र सरकार हो, राज्य सरकारें हों, सिविल सोसायटी के लोग हों, सभी ने पूरा प्रयास किया कि इतने बड़े देश में हमारा कोई गरीब भाई-बहन भूखा न सोए। 
  3. देश हो या व्यक्ति, समय पर फैसले लेने से,  संवेदनशीलता से फैसले लेने से,  किसी भी संकट का मुकाबला करने की शक्ति बढ़ जाती है।  इसलिए, लॉकडाउन होते ही सरकार, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना लेकर आई। 
  4. बीते तीन महीनों में 20 करोड़ गरीब परिवारों के जनधन खातों में सीधे 31 हजार करोड़ रुपए जमा करवाए गए हैं।   इस दौरान 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपए जमा हुए हैं। 
  5.  पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि एक और बड़ी बात है जिसने दुनिया को भी हैरान किया है, आश्चर्य में डुबो दिया है।  वो ये कि कोरोना से लड़ते हुए भारत में, 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को 3 महीने का राशन, यानि परिवार के हर सदस्य को  5 किलो गेहूं या चावल मुफ्त दिया गया। एक तरह से देखें तो, अमेरिका की कुल जनसंख्या से ढाई गुना अधिक लोगों को,   ब्रिटेन की जनसंख्या से 12 गुना अधिक लोगों को, और यूरोपियन यूनियन की आबादी से लगभग दोगुने से ज्यादा लोगों को हमारी सरकार ने मुफ्त अनाज दिया है।
  6. ये तय किया गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीवाली और छठ पूजा तक, यानि नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया जाए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के इस विस्तार में  90 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। अगर इसमें पिछले तीन महीने का खर्च भी जोड़ दें तो ये  करीब-करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपए हो जाता है।
  7. अब पूरे भारत के लिए एक राशन-कार्ड की व्यवस्था भी हो रही है यानि एक राष्ट्र,  एक राशन कार्ड ‘one nation one ration card’।  इसका सबसे बड़ा लाभ उन गरीब साथियों को मिलेगा, जो रोज़गार या दूसरी आवश्यकताओं के लिए अपना गाँव छोड़कर के कहीं और जाते हैं।
  8. आज गरीब को, ज़रूरतमंद को, सरकार अगर मुफ्त अनाज दे पा रही है तो इसका श्रेय दो वर्गों को जाता है। पहला- हमारे देश के मेहनती किसान,  हमारे अन्नदाता।  और दूसरा- हमारे देश के ईमानदार टैक्सपेयर। आपने ईमानदारी से टैक्स भरा है, अपना दायित्व निभाया है, इसलिए आज देश का गरीब, इतने बड़े संकट से मुकाबला कर पा रहा है।मैं आज हर गरीब के साथ ही,  देश के हर किसान, हर टैक्सपेयर का ह्रदय से बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं, उन्हें नमन करता हूं।
  9. हम सारी एहतियात बरतते हुए Economic Activities को और आगे बढ़ाएंगे। हम आत्मनिर्भर भारत के लिए  दिन रात एक करेंगे। हम सब ‘लोकल के लिए वोकल’ होंगे। इसी संकल्प के साथ हम 130 करोड़ देशवासियों को मिलजुल कर के, संकल्प के साथ काम भी करना है, आगे भी बढ़ना है।
  10. संबोधन के आखिरी में पीएम मोदी ने देशवासियों से निवेदन करते हुए कहा कि आपसे आग्रह भी करता हूं, आप सभी स्वस्थ रहिए, दो गज की दूरी का पालन करते रहिए, गमछा , फेस कवर, मास्क ये हमेशा उपयोग कीजिये, कोई लापरवाही मत बरतिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत