1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जहाजों पर सवार 16,076 लोगों को भारतीय बंदरगाह पर उतरने की नहीं मिली इजाजत

जहाजों पर सवार 16,076 लोगों को भारतीय बंदरगाह पर उतरने की नहीं मिली इजाजत

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 05, 2020 08:06 pm IST,  Updated : Mar 05, 2020 08:10 pm IST

पोत परिवहन मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को खुलासा किया कि चीन या कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आए 452 जहाजों के 16,076 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को एहतियाती तौर पर भारतीय बंदरगाहों पर उतरने की अनुमति नहीं दी गयी।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर

नयी दिल्ली: पोत परिवहन मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को खुलासा किया कि चीन या कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आए 452 जहाजों के 16,076 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को एहतियाती तौर पर भारतीय बंदरगाहों पर उतरने की अनुमति नहीं दी गयी। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि तयशुदा जगहों पर ठहरे 452 जहाजों के इन यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को बुखार या किसी भी तरह के लक्षण के मामले में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दिशा-निर्देश के तहत हर संभव सहायता दी जा रही है। 

अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘आयात-निर्यात वाले माल के साथ 452 जहाज और चीन या कोरोना वायरस से प्रभावित देशों की पूर्व में यात्रा कर चुके 16,076 यात्री और चालक दल के सदस्य अब तक भारतीय बंदरगाहों पर आए हैं। किसी भी प्रसार को रोकने लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। हमने यात्रियों और चालकों को जहाजों से उतरने की अनुमति नहीं दी लेकिन तयशुदा जगहों पर जहाजों को ठहरने की अनुमति दी गयी है । तमाम सावधानी बरतने के साथ सामान लाए गए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संक्रिमत देशों की यात्रा कर चुके चालक दल / यात्रियों को तट का पास नहीं दिया गया है ।’’ 

अधिकारी ने बताया कि डब्ल्यूएचओ के दिशा-निर्देश के तहत जहाज पर सभी लोगों की जांच की जा रही है और उन तक सारी जरूरी सुविधाएं पहुंचायी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पारादीप बंदरगाह पर चेमस्टार स्टेलर पोत पर सवार चालक दल के एक सदस्य को बुखार हो गया। उन्हें और उनकी पत्नी को वहां से निकाला गया और आगे जांच के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज, कटक भेजा गया। यह पोत चीन के जापू से 10 फरवरी को रवाना हुआ था और एक मार्च को पारादीप बंदरगाह पहुंचा । 

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले चीन से आए एमवी मैग्नेट पोत पर चालक दल के दो सदस्यों को बुखार हो गया । बाद में जांच में उनमें कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई । मार्ग में यह दक्षिण कोरिया के लिए गया था और 25 फरवरी को सिंगापुर से रवाना हुआ और एक मार्च को पारादीप बंदरगाह की सीमा में पहुंचा । भारत में 12 प्रमुख बंदरगाह हैं। करीब 200 छोटे बंदरगाह भी हैं जो राज्यों के नियंत्रण में हैं । पोत परिवहन मंत्रालय ने कहा है कि उसने सभी 12 प्रमुख बंदरगाहों को जहाज के यात्रियों के लिए निरीक्षण और पृथक व्यवस्था बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत