दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी इलाके के थाने में शनिवार को दो लड़कियों की पिटाई के मामले में तीन महिला पुलिसकर्मियों और एक सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस पर आरोप है कि दिल्ली के मंगोलपुरी में रहने वाली दो लड़कियों को छह महीने पुराने एक चोरी के मामले में रोहिणी के साउथ थाने लाया गया और जुर्म कबुलवाने के लिए उनसे मारपीट की और उनके कपड़े भी उतारे।
दोनों लड़कियों के साथ पुलिसकर्मियों ने उनकी कथितरुप से जमकर पिटाई की। बताया जाता है कि इसमें साउथ थाने के एसआई राजबीर भी शामिल थे। लड़कियों के पैरों में चोट के निशान इस बात को साबित करते है कि उनकी पिटाई की गई है।
घटना की ख़बर फ़ैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वहीं खबर मिलते ही इलाके की विधायक राखी बिड़लान भी मौके पर पहुंच गयी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
घायल लड़कियां अंबेडकर अस्पताल में भर्ती हैं। फिलहाल तनाव को देखते हुए अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।