1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस: देश के 560 जिले लॉकडाउन, यूपी, एमपी, ओडिशा छोड़कर 32 राज्यों में पूरी तरह से आवाजाही प्रतिबंधित

कोरोना वायरस: देश के 560 जिले लॉकडाउन, यूपी, एमपी, ओडिशा छोड़कर 32 राज्यों में पूरी तरह से आवाजाही प्रतिबंधित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 24, 2020 11:17 am IST,  Updated : Mar 24, 2020 11:17 am IST

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा के अलावा केंद्र शासित प्रदेश लक्षदीव को छोड़ दें तो देश के 32 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन लागू है।

Corona Virus- India TV Hindi
Corona Virus Image Source : PTI

भारत ने कोरोना वायरस के खिलाफ अपनी जंग को और तेज कर दी है। देश में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 500 के पार पहुंच गई है वहीं मृतकों का आंकड़ा भी दहाई को छू रहा है। इस बीच लगभग पूरा देश लॉकडाउन हो चुका है। देश में कुल 720 जिले हैं, इसमें से 560 जिलों को लॉकडाउन कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा के अलावा केंद्र शासित प्रदेश लक्षदीव को छोड़ दें तो देश के 32 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन लागू है। इन तीनों राज्यों के 58 जिलों को लॉकडाउन किया गया है। इसके साथ ही पंजाब, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, पुडुचेरी के अलावा मध्य प्रदेश के भोपाल और जबलपुर जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। 

Corona Virus
Image Source : INDIA TVCorona Virus

भारत में कोरोना वायरस का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अबतक देश में 499 लोग कोरोना के पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें से 35 ऐसे मामले भी शामिल हैं जो ठीक हो चुके हैं, वहीं 10 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र और केरल है। महाराष्ट्र में अब तक 97 और केरल में 95 केस सामने आए हैं। कोरोना की वजह से 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। महाराष्ट्र और केरल के अलावा दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, गुजरात, तेलंगाना और लद्दाख में भी मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।

दुनिया भर में तेजी से फैली महामारी 

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने आगाह किया है कि कोरोनावायरस महामारी स्पष्ट तौर पर तेज गति से फैल रही है। हालांकि, संगठन ने कहा कि प्रकोप के इस रूख को बदलना संभव है। संगठन के प्रमुख टेड्रॉस गेब्रयासस ने पत्रकारों से कहा कि महामारी तेज हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले मामले से 100,000 मामले तक पहुंचने में 67 दिन लगे, दूसरे नए 100,000 मामलों तक पहुंचने में 11 दिन लगे और तीसरे 100,000 मामले सिर्फ चार दिनों में सामने आए। उन्होंने कहा कि हम असहाय नहीं हैं। हम इस महामारी पर जीत हासिल कर सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत