1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखंड: सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से 6 लोगों की मौत

झारखंड: सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से 6 लोगों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 09, 2020 04:15 pm IST,  Updated : Aug 09, 2020 04:47 pm IST

झारखंड के देवघर जिले में रविवार (9 अगस्त) को सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई है।

सेप्टिक टैंक में दम...- India TV Hindi
सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 6 लोगों की मौत Image Source : ANI

झारखंड। झारखंड के देवघर जिले में रविवार (9 अगस्त) को सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने ये जानकारी दी है। मृतकों की पहचान ब्रजेश चंद्र बर्नवाल (50 साल), मिथिलेश चंद्र बर्नवाल (40 साल), गोविंद मांझी (50 साल), बबलू मांझी (30 साल), लालू मांझी (25 साल) और लीलु मुर्मू (30) के रूप में की गई है। यह हादसा देवीपुर बाजार इलाके में देवीपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। 

6 men die after inhaling toxic gas inside septic tank in Jharkhand’s Deoghar
Image Source : INDIA TV6 men die after inhaling toxic gas inside septic tank in Jharkhand’s Deoghar

पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह एक व्यक्ति के घर में सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए दो मजदूर इसमें उतरे थे। जब वे नहीं लौटे तो घर के मालिक के दो बेटे टैंक में घुसे। पुलिस ने बताया कि उन चारों के नहीं लौटने पर घर के मालिक ने शोर मचाया जिसके बाद दो पड़ोसी टैंक के अंदर गए। पांडेय ने कहा, "सभी छह लोगों की टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने टैंक को खोलकर शवों को बाहर निकाला।" 

बताया जा रहा है कि देवीपुर के राजेश वर्णवाल के घर मजदूरों को सेफ्टी टैंक की सफाई के लिए बुलाया गया था। एक-एक कर मजदूर सेफ्टी टैंक में उतरते गए और थोड़ी देर में बेहोश हो गए। अंदर से आवाज न आने पर स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। फिर तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सभी 6 मजदूरों को एंबुलेंस से देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

देवघर के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने घटना को लेकर कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि सेप्टिक टैंक में कार्बन डाइऑक्साइड या मोनोऑक्साइड जैसी घातक गैसों के संभावित संचय के कारण इनकी मौत हुई है। घटना की सूचना परिजन को दे दी गई है। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।