नई दिल्ली: बलात्कार जैसी घटनाएं समाज में इस कदर से फैल गयी हैं कि अब छोटे बच्चे भी इससे अछूते नहीं रहे और इस तरह के घिनौने कृत्य में लिप्त पाये जाते हैं। मौजूदा घिनौनी घटना उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के न्यूरिया का है। यहां पुलिस ने कक्षा चार में पढ़ने वाले नौ साल के एक बच्चे पर छह साल की एक बच्ची के साथ रेप करने के मामले में 376 का मुकदमा दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने यह कार्रवाई बच्ची की मां की तहरीर पर की है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूरिया थाना क्षेत्र की एक महिला छह वर्षीय बेटी को साथ लेकर शाम करीब साढ़े चार बजे थाना पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि पति बाहर मजदूरी करने गए हैं। उसके घर और परचून की दुकान के बीच में गन्ने का खेत है।
गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे उसकी पुत्री परचून की दुकान पर चीनी लेने गई थी। वापस आते समय गांव के ही एक लड़के ने बच्ची को गन्ने के खेत में पकड़कर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया।
किसी तरह घर पहुंची बच्ची ने मां को पूरी बात बताई। इस पर परिवार वालों के साथ वह बेटी को लेकर थाने पहुंची। पुलिस का कहना है कि आरोपी की आयु करीब नौ वर्ष है। हालांकि पीड़ित की मां के मुताबिक आरोपी की उम्र 11 या 12 साल हो सकती है।
इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा है कि आखिर बच्चों को क्या हो गया है। छोटे-छोटे बच्चों को इस तरह की बातें कौन सिखा रहा है।
लड़के ने कुबूला अपना जुर्म
मामले की जांच कर रहे सर्किल ऑफिसर, निर्मल बिष्ट ने बताया, "हमने आरोपी बच्चे को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया था। मजिस्ट्रेट ने उसे बरेली के जुवेनाइल होम भेज दिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी की सही-सही उम्र का पता लगाया जा रहा है। हालांकि, उसकी उम्र 9 या 10 साल से ज्यादा नहीं हो सकती।" न्यूरिया पुलिस स्टेशन के एसओ दलबीर वर्मा ने का कहना है कि ये मामला अपने आप में अजीब है।
क्या है एक्सपर्ट की राय?
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक एसोसिएशन की स्टेट प्रेसिडेंट मधु गर्ग के मुताबिक, "मौजूदा हालात को देखते हुए हमें बच्चों को अच्छे तरीके से सेक्स एजुकेशन देने और उनकी काउंसलिंग करने की जरूरत है। जुवेनाइल क्राइम के तहत रेप के मामलों में अक्सर पाया गया कि जिन बच्चों ने ऐसा जुर्म किया, उन्होंने काफी कम उम्र में अपने मां-बाप या बड़ों को सेक्सुल रिलेशन बनाते हुए देखा था। ये चीज बच्चों को कम उम्र में ही सेक्स के लिए आकर्षित करती है। बाद में ऐसे मामले सामने आते हैं।"