1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महागठबंधन जीता तो बिहार का रिमोर्ट लालू के हाथ में: मोदी

महागठबंधन जीता तो बिहार का रिमोर्ट लालू के हाथ में: मोदी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Oct 09, 2015 03:54 pm IST,  Updated : Oct 09, 2015 03:54 pm IST

सासाराम: जंगल राज के खतरे के प्रति फिर से आगाह करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चेतावनी दी कि यदि बिहार में महागठबंधन सत्ता में आ गया तो लालू प्रसाद रिमोट कंट्रोल से राज्य को

महागठबंधन जीता तो...- India TV Hindi
महागठबंधन जीता तो बिहार का रिमोर्ट लालू के हाथ: मोदी

सासाराम: जंगल राज के खतरे के प्रति फिर से आगाह करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चेतावनी दी कि यदि बिहार में महागठबंधन सत्ता में आ गया तो लालू प्रसाद रिमोट कंट्रोल से राज्य को चलाएंगे। दलित नेता दिवंगत जगजीवन राम का निर्वाचन क्षेत्र रहे सासाराम में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद से जीतन राम मांझी को हटाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी अपने हमले की बंदूक तानी और उन पर दलितों की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया।

इस समय हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख और राजग के सहयोगी मांझी भी मोदी द्वारा दलितों को लेकर नीतीश को निशाने पर लिए जाने के दौरान मंच पर मौजूद थे। मोदी ने कहा, उनकी अकड़ उन्हें परास्त करेगी। उन्होंने एक दलित के बेटे की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। उन्होंने निजी फायदे की खातिर उनकी पीठ में छुरा घोंपा। एक दिन पहले बिहार में मतदाताओं को शैतान के कब्जे में आए लालू को राज्य के मामलों में कोई भूमिका नहीं सौंपने की सलाह देने के बाद मोदी ने आज आरोप लगाया कि राजद प्रमुख चूंकि खुद चुनाव नहीं लड़ सकते इसलिए वह बाहर से सरकार को नकेल डालना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, इस बार लालूजी चुनावी दौड़ में क्यों नहीं हैं। उन्होंने ऐसा क्या किया कि वह चुनाव लड़ने के योग्य नहीं रहे और क्यों उन्हें दौड़ से बाहर रखा गया। उन्होंने क्या अपराध किया था कि भारतीय न्यायिक व्यवस्था को उन्हें चुनावी दौड़ से बाहर करना पड़ा। प्रधानमंत्री ने लोगों को चारा घोटाले में लालू की दोषसिद्धि की याद दिलाते हुए कहा, अब वह रिमोट कंट्रोल से बिहार को चलाना चाहते हैं। वह कहते हैं कि वह बिग बॉस हैं और हर किसी को अपने इशारों पर नचा सकते हैं। भाजपा यह कहते हुए महागठबंधन को निशाना बना रही है कि लालू के इस गठबंधन का हिस्सा होने के कारण इसके सत्ता में आने पर बिहार में जंगल राज 2 लौट आएगा।

मोदी ने राज्य में हाल ही में एक पुलिसकर्मी पर गोलीबारी की घटना का हवाला देते हुए कहा कि यह दिखाता है कि बिहार अपराध की गिरफ्त में है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस वर्ष जनवरी से लेकर अब तक अपहरण के चार हजार मामले सामने आए हैं। नीतीश कुमार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं और उनका दावा है कि उनके नेतृत्व में राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधरी है। मोदी ने महागठबंधन के तीनों दलों राजद, जदयू और कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए सवाल किया कि जब वे राज्य की सत्ता में थे तो पिछले 60 सालों में क्या विकास हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा कि महागठबंधन के तीनों दल अलग अलग समय पर एक दूसरे के खिलाफ खड़े रहे हैं और अब केवल सत्ता के लिए एक साथ आ गए हैं।

राज्य में विकास के लिए उन्होंने जनता से भाजपा की अगुवाई वाले राजग को एक मौका देने को कहा। साथ ही कहा कि राज्य ने पिछले 60 सालों में काफी दर्द सहा है। मोदी ने महागठबंधन से सवालिया अंदाज में कहा, आपने 60 सालों में क्या काम किया? साथ ही कहा कि वर्ष 2019 के अगले लोकसभा चुनाव में वह पांच साल के अपने रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के सामने जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, राज्य से कितने युवा पलायन कर गए। पिछले 60 सालों में कितनी फैक्ट्रियां बंद हो गईं? कितने अस्पतालों में आज भी डॉक्टर नहीं हैं और कितने स्कूलों में आज भी अध्यापक नहीं हैं? इस जंगल राज से मुक्ति का एक ही मार्ग है और वह है विकास राज।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत