1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. यूपी के बाद अब एमपी ने भी शुरू की कोटा से छात्रों को वापस लाने की तैयारी, आज रवाना हो सकती हैं बसें

यूपी के बाद अब एमपी ने भी शुरू की कोटा से छात्रों को वापस लाने की तैयारी, आज रवाना हो सकती हैं बसें

 Reported By: Anurag Amitabh @anuragamitabh
 Published : Apr 20, 2020 09:36 am IST,  Updated : Apr 20, 2020 10:40 am IST

उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश सरकार भी कोटा में फंसे अपने राज्य के छात्रों को वापस लाने की तैयारी में जुट गई है।

कोटा छात्रों की ताज़ा खबरें- India TV Hindi
Kota

उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश सरकार भी कोटा में फंसे अपने राज्य के छात्रों को वापस लाने की तैयारी में जुट गई है। संभावना है कि आज मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिले श्योपुर से बसें कोटा के लिए रवाना की जाएंगी। बता दें ​कि देश भर में आईआईटी और मेडिकल परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए कोटा पहली पसंद रहा है। देश के कई राज्यों से हजारों छात्र कोटा के कोचिंग संस्थानों में पढ़ने के लिए आते हैं। लेकिन लॉकडाउन की वजह से ये कोटा के अपने होस्टल और पीजी में फंस गए थे। पिछले हफ्ते ही उत्तर प्रदेश ने तकरीबन 200 बसें भेजकर कोटा में रह रहे यूपी के करीब 6000 छात्रों को वापस बुलाया था। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा में फंसे कोचिंग छात्रों को वापस लाने के लिए एमपी सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि राजस्थान बॉर्डर के पास स्थि​त श्योपुर जिले से आज बस को कोटा के लिए रवाना किया जा सकता है। ये बस सोमवार को दोपहर 3 बजे श्योपुर से कोटा के लिए रवाना होने की संभावना है। हालांकि मध्य प्रदेश कितनी बसें कोटा भेजेगा और अन्य कितने जिलों से ये बसें आएंगी फिलहाल इसकी कोई सूचना नहीं मिल सकी है। 

दूसरी ओर छात्रों को वापस लाने को लेकर राजनीति भी खूब हो रही है। उत्तर प्रदेश द्वारा उठाए गए कदम को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। वहीं बिहार में विपक्षी पार्टी आरजेडी सरकार से यूपी की तरह बिहार के छात्रों को वापस बुलाने के लिए दबाव बना रही है। दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुले तौर पर कह चुके हैं कि यूपी की तरह अन्य राज्य भी अपने छात्रों को वापस बुलाने के लिए प्रयास कर सकते हैं। राजस्थान सरकार इसमें पूरी मदद करेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत