फजिलका (पंजाब): अबोहर दलित हत्याकांड के मामले में एक आरोपी अमित डोडा ने पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया है, हालांकि इस मामले का मुख्य आरोपी शिवलाल डोडा अब भी फरार है। शिव लाल डोडा शराब कारोबारी और अकाली दल का नेता है। फिरोजपुर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अमर सिंह चहल ने बताया, अमित डोडा ने बीती रात यहां पुलिस अधीक्षक मुख्यालय में समर्पण कर दिया।
उन्होंने कहा कि इस मामले का मुख्य आरोपी शिवालाल डोडा को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। चहल ने कहा कि शिवलाल को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस ने कल शिवलाल डोडा और उसके भतीजे अमित डोडा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। इन दोनों पर 27 साल के दलित युवक भीम सेन की हत्या में शामिल होने का आरोप है। भीम की निर्मम हत्या अबोहर में बीते 11 दिसंबर को गई थी। उधर, विपक्षी कांग्रेस ने पुलिस पर इस मामले में नरमी अख्तियार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पिछले शनिवार को अकाली दल के नेता शिवलाल डोडा के फार्म हाउस पर दो युवकों के हाथ-पांव काट दिए गए थे। इन दोनों पीड़ितों में से एक पीड़ित भीम टांक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। वहीं, गुरजंत सिंह अभी भी अस्पताल में अपना उपचार करवा रहे हैं।