1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अखाड़ा परिषद ने फर्जी बाबाओं की तीसरी लिस्ट जारी की, शामिल हैं ये नाम

अखाड़ा परिषद ने फर्जी बाबाओं की तीसरी लिस्ट जारी की, शामिल हैं ये नाम

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 16, 2018 06:24 pm IST,  Updated : Mar 16, 2018 06:24 pm IST

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने शुक्रवार को फर्जी बाबाओं की तीसरी लिस्ट जारी की है...

Akhara Parishad Chief Narendra Giri | PTI Photo- India TV Hindi
Akhara Parishad Chief Narendra Giri | PTI Photo

इलाहाबाद: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने शुक्रवार को फर्जी बाबाओं की तीसरी लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में दिल्ली के चक्रपाणि और संभल के प्रमोद कृष्णम का नाम शामिल है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की इलाहाबाद में हुई बैठक के बाद परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने कहा, ‘हम जनता से अपील करते हैं कि वे ऐसे बाबाओं से सतर्क रहें जो किसी परंपरा या संप्रदाय से नहीं हैं। साधु-संत संन्यासी परंपरा, उदासीन परंपरा, नाथ परंपरा, वैष्णव संप्रदाय, शिव संप्रदाय आदि से आते हैं। वहीं फर्जी बाबाओं की कोई परंपरा या संप्रदाय नहीं है।’

बैठक में अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़े के श्री महंत राजेंद्र दास ने प्रस्ताव रखा कि अखाड़ा परिषद पहले भी कई फर्जी बाबाओं का बहिष्कार कर चुकी है। अभी जानकारी प्राप्त हुई है कि चक्रपाणि और प्रमोद कृष्णम किसी अखाड़े से संबंधित नहीं है और न ही किसी प्रकार से साधुओं की परंपरा में हैं इसलिए अखाड़ा परिषद ने इन दोनों का बहिष्कार किया है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने घोषणा की है कि जो भी साधु समाज इनके कार्यक्रमों में जाता है या इन्हें बुलाता है, उसका भी अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा बहिष्कार माना जाएगा।

इससे पहले अखाड़ा परिषद ने 10 सितंबर, 2017 को फर्जी बाबाओं की पहली लिस्ट जारी थी जिसमें 14 नाम शामिल थे। इनमें आशाराम बापू, गुरमीत राम रहीम, सुखविंदर कौर उर्फ राधे मां, सच्चिदानंद गिरि, ओमबाबा उर्फ विवेकानंद झा, निर्मल बाबा, इच्छाधारी भीमानंद उर्फ शिवमूर्ति द्विवेदी, स्वामी असीमानंद, ओम नमः शिवाय बाबा, नारायण साई, रामपाल, कुश मुनि, मलखान गिरि और बृहस्पति गिरि शामिल थे। वहीं, 29 दिसंबर 2017 को जारी फर्जी बाबाओं की दूसरी लिस्ट में दिल्ली के विरेन्द्र दीक्षित कालनेमी, बस्ती के सचिदानंद सरस्वती और इलाहाबाद की त्रिकाल भवंता के नाम शामिल थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत