संसद से जैसे ही नागरिकता संशोधन बिल पास हुआ, वैसे ही देश के कई हिस्सों में इसका विरोध शुरू हो गया। नए नागरिकता कानून के खिलाफ सबसे पहले नॉर्थ ईस्ट से विरोध की आवाज उठी, जो धीरे-धीरे देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच गई। असम, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात जैसे तमाम राज्यों में विरोध प्रदर्शन का हिंसक रूप दिखा। कुछ जगहों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के इतर तमाम जगहों पर मारपीट, आगजनी और पत्थरबाजी हुई। उत्तर प्रदेश में तो हिंसक विरोध प्रदर्शन के कारण छह लोगों की जान भी चली गई। एहतियातन दिल्ली के कुछ इलाकों सहित गाजियाबाद और दूसरी कई जगहों पर प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। प्रदर्शन अब भी जारी है, इससे जुड़ी सभी अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहिए।
- Hindi News
- भारत
- राष्ट्रीय
- उत्तर प्रदेश के रामपुर में CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा, एक की मौत
उत्तर प्रदेश के रामपुर में CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा, एक की मौत
नागरिकता कानून के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन की सभी अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहिए।
Anit-CAA Protest LIVE Updates December 21
-
3:04 PM (IST) Dec 21, 2019
प्रतिष्ठित इतिहासकार और लेखक रामचंद्र गुहा ने संशोधित नागरिकता कानून को शनिवार को ‘‘अनैतिक’’ और ‘‘संविधान की भावना के विरुद्ध’’ बताया तथा कहा कि कोई भी समझदार और न्यायपूर्ण सरकार इसे वापस ले लेगी। उन्होंने कहा कि एनआरसी को तत्काल वापस लेना विश्वास बहाल करने और देश को मरहम लगाने के लिए पहला आवश्यक कदम है।
-
3:03 PM (IST) Dec 21, 2019
संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन करने के सिलसिले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने शनिवार को भदोही में 24 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मार्च निकाल रही भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था और कई वाहन क्षतिग्रस्त कर दिये थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 27 नामजद और 200 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सिंह ने कहा कि किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
-
2:13 PM (IST) Dec 21, 2019
शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि " सीएए और एनआरसी दो अलग-अलग चीजें हैं। NRC अब तक केवल असम में लागू किया गया है और पूरे भारत में लागू नहीं किया गया है। हम अभी तक यह नहीं जानते हैं कि NRC में क्या नियम होने जा रहे हैं। पार्टियां इस पर गुमराह कर रही हैं, मुसलमानों से संयम दिखाने की अपील है।"
-
1:58 PM (IST) Dec 21, 2019
पटना के डांक बंगला चोराहे पर प्रदर्शनकारियों ने बवाल किया।
-
1:08 PM (IST) Dec 21, 2019
NCP चीफ शरद पवार ने कहा कि "नागरिकता कानून के तहत केवल पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रवासियों को ही अनुमति क्यों? श्रीलंका से भी क्यों नहीं?""
-
1:07 PM (IST) Dec 21, 2019
संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शनों के दौरान उत्तर प्रदेश में हुई व्यापक हिंसा पर राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ पी सिंह ने शनिवार को कहा कि हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी ने कहा कि हिंसा में बाहरी तत्वों का हाथ है। उन्होंने कहा, ''हम किसी को बख्शेंगे नहीं, क्योंकि उन्होंने हिंसा की है। साथ ही हम किसी निर्दोष को गिरफ्तार नहीं करेंगे।''
-
12:11 PM (IST) Dec 21, 2019
गाज़ियाबाद में शुक्रवार को बलवा और पथराव मामले में 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने 110 लोगों को नामजद जबकि 3000 हजार से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 60 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
-
12:04 PM (IST) Dec 21, 2019
दिल्ली: दरियागंज में हुई हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, सीमापुरी में हुई हिंसा मामला में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
-
11:40 AM (IST) Dec 21, 2019
भारतीय रेलवे ने बताया कि "नागरिकता कानून के विरोध प्रदर्शनों में 88 करोड़ रुपये की रेलवे संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है। पूर्वी रेलवे ज़ोन में 72 करोड़ रुपये की संपत्ति जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे ज़ोन में 13 करोड़ रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई। वहीं, नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर ज़ोन में 3 करोड़ रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है।"
-
11:35 AM (IST) Dec 21, 2019
तमिलनाडु में वाम दलों ने नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। MRG चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में वाम दलों के लोग जमा हुए और CAA का विरोध किया।
-
11:08 AM (IST) Dec 21, 2019
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को नागरिकता कानून के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। इससे पहले छह लोगों के मरने की खबर थी। लेकिन, अब यह आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया है।
-
11:01 AM (IST) Dec 21, 2019
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "नागरिकता कानून पर फैलाए जा रहे भ्रम और बहकावे में कोई भी न आए। प्रदेश में हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करने का दायित्व उत्तर प्रदेश सरकार का है और यूपी पुलिस हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान कर रही है।"
-
10:15 AM (IST) Dec 21, 2019
यूपी के गाजियाबाद, लखनऊ, संभल, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, बरेली, आगरा, पीलीभीत, फिरोजाबाद, हमीरपुर, प्रयागराज, मऊ और आजमगढ़ में इंटरनेट सेवा बंद है।
-
10:01 AM (IST) Dec 21, 2019
बिहार में RJD का प्रदर्शन जारी है। सुबह से ही आरजेडी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए हैं। जगह जगह आगजनी की जा रही है और ट्रैफिक रोका जा रहा है। हाजीपुर पटना के बीच में गांधी सेतु पर आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया है जिस कारण उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
-
9:59 AM (IST) Dec 21, 2019
CAA के खिलाफ मुंबई में सिविल सोसाइटी के सदस्यों के साथ मिलकर कांग्रेस दोपहर दो बजे रैली करेगी। वहीं, दूसरे ओर मुंबई में ही नागरिकता कानून के समर्थन में मीरा रोड में मौलानाओं की रैली भी होगी।
-
9:11 AM (IST) Dec 21, 2019
कोलकाता में CAA का विरोध करते हुए लेफ्ट स्टूडेंट विंग ने BJP मुख्यालय तक रैली निकालने का फैसला किया है। यह रैली आज ही निकाली जाएगी।
-
9:10 AM (IST) Dec 21, 2019
आज हैदराबाद में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में मुस्लिम एक्शन कमेटी की पब्लिक मीटिंग होगी।
-
9:07 AM (IST) Dec 21, 2019
CAA के खिलाफ बिहार में RJD और उसकी सहयोगी पार्टियों ने बंद का आह्वान किया है। RJD नेता और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने कहा कि "हम लोग 21 को शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिरोध करेंगे, बिहार बंद करेंगे। पार्टी की ओर से भी कार्यकर्ताओं को निर्देशित कर दिया गया है। फिर भी अगर पुलिस ने किसी पर बल प्रयोग किया, नीतीश कुमार ने कुछ चालाकी दिखाने की कोशिश की, तो अंजाम बुरा होगा।"