नई दिल्ली/पटना: भारत के पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अरुण जेटली की आज 67वीं जयंती है। इस मौके पर आज पूरा देश उनको श्रद्धांजली दे रहा है। दिल्ली में आज उपराष्ट्रपति उनके जीवन पर लिखी किताब का विमोचन करेंगे तो वहीं पटना में अरुण जेटली की प्रतिमा का अनावरण किया गया। उनके निधन के चार महीने बाद आज उनकी जयंती है। पूरा देश उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा है।
Related Stories
आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वह वादा पूरा किया जो उन्होंने अरुण जेटली को अलविदा कहते समय किया था। अरुण जेटली और नीतीश कुमार, एक दूसरे के बेहद करीब थे। दोनों के बीच का रिश्ता राजनीति से कहीं आगे बढ़कर था। इसीलिए आज पटना में अरुण जेटली की जयंती के मौके पर विशेष कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अरुण जेटली की प्रतिमा का अनावरण किया।
अरुण जेटली की यह प्रतिमा पटना के कंकड़बाग में लगाई गई है। इस मौके पर जेटली के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। वहीं, इसके दूसरी ओर राजधानी दिल्ली में भी अरुण जेटली की जयंती के मौके पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आज दिल्ली में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू अरुण जेटली के जीवन पर लिखी किताब का विमोचन करेंगे।
इस किताब का टाइटल "The Renaissance Man: The Many Facets of Arun Jaitley" है। किताब के विमोचन के मौके पर लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि अरुण जेटली का जन्म 28 दिसंबर 1952 को हुआ था। उन्होंने अपना राजनीति सफर विद्यार्थी जीवन से शुरू किया और आखिरी सांस तक वो भारतीय राजनीति को दिशा देते रहे। चार महीने पहले 24 अगस्त को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था।