1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: अरविंद केजरीवाल बोले- जो जहां है, वो वहीं रहे, ये लॉकडाउन का मंत्र है

Coronavirus: अरविंद केजरीवाल बोले- जो जहां है, वो वहीं रहे, ये लॉकडाउन का मंत्र है

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 29, 2020 06:38 pm IST,  Updated : Mar 29, 2020 06:40 pm IST

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार हर दिन 4 लाख से अधिक लोगों को दोपहर और रात का भोजन उपलब्ध करा रही है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं कि सभी को राष्ट्रीय राजधानी में भोजन मिले।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
Arvind Kejriwal Image Source : ANI

नई दिल्ली. कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में लॉक डाउन लगाया गया है, बावजूद इसके हजारों की संख्या में लोग राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों से अपने गांव और शहरों का रुख कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली के आनंद विहार और गाजियाबाद के कौशांबी बस अड्डे पर इसी वजह से लोगों का हुजूम जमा रहा। रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस बात को लेकर चिंता जाहिर की।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री जी ने जब लॉकडाउन का ऐलान किया था, उन्होंने एक लाइन कही थी- 'जो जहां है, वो वहीं रहे', मेरे हिसाब से ये कोरोना के लॉकडाउन का मंत्र है, अगर हम इसको लागू नहीं करेंगे तो यह लॉकडाउन सफल नहीं हो सकता। हम फेल हो जाएंगे पूरा देश फेल हो जाएगा।"

उन्होंने आगे कहा, "कल, मैंने हजारों लोगों के जमावड़े के चित्र देखे। जब आप किसी भीड़ में खड़े होते हैं, तो भले ही उसमें से कोई एक व्यक्ति #COVID19 से संक्रमित हो, आप भी संक्रमित होंगे। अपने जीवन और अपने परिवार के बारे में सोचो।"

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार हर दिन 4 लाख से अधिक लोगों को दोपहर और रात का भोजन उपलब्ध करा रही है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं कि सभी को राष्ट्रीय राजधानी में भोजन मिले। भोजन और पानी की कोई कमी नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत