1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आसाराम के बाद अब उसके बेटे नारायण साईं की बारी, आज होगी सूरत कोर्ट में पेशी

आसाराम के बाद अब उसके बेटे नारायण साईं की बारी, आज होगी सूरत कोर्ट में पेशी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 26, 2018 09:03 am IST,  Updated : Apr 26, 2018 09:03 am IST

नारायण साईं पर सूरत में रहने वाली दो बहनों ने रेप का केस दर्ज किया है। इस केस में नारायण साईं पिछले चार साल से सूरत की जेल में है। आज इस केस में नारायण साईं की सूरत कोर्ट में पेशी है। नारायण साईं पर भी आस्था और दैवीय शक्ति के नाम पर भोली भाली लड़कियों के शोषण का आरोप है।

Asaram Bapu's son Narayan Sai to be produced in court in Surat rape case today- India TV Hindi
आसाराम के बाद अब उसके बेटे नारायण साईं की बारी, आज होगी सूरत कोर्ट में पेशी  

नई दिल्ली: रेप केस में आसाराम को उम्रकैद की सजा होने के बाद अब उसके बेटे नारायण साईं की बारी है। रेप के ही एक केस में आज नारायण साईं की सूरत कोर्ट में पेशी है। सूरत की दो बहनों ने नारायण साईं के साथ-साथ आसाराम पर भी रेप का केस दर्ज किया है। जोधपुर कोर्ट ने पिता आसाराम को तो उसके कुकर्मों की सजा सुना दी है अब कुछ वैसा ही हाल उसके बेटे नारायण साईं का भी हो सकता है। नारायण साईं पर भी आश्रम की लड़की से रेप का संगीन आरोप है।

नारायण साईं पर सूरत में रहने वाली दो बहनों ने रेप का केस दर्ज किया है। इस केस में नारायण साईं पिछले चार साल से सूरत की जेल में है। आज इस केस में नारायण साईं की सूरत कोर्ट में पेशी है। नारायण साईं पर भी आस्था और दैवीय शक्ति के नाम पर भोली भाली लड़कियों के शोषण का आरोप है। आरोप है कि झांसा देकर ये लड़कियों को अपना शिकार बनाता था। नारायण साईं तंत्रमंत्र और वशीकरण के जरिए आश्रम की लड़कियों को फंसाता था।

इतना ही नहीं, वो लड़कियों को हेलीकोप्टर की सैर कराता था। झूठे वादे कर अपने माया जाल में जकड़ लेता था और विरोध करने पर प्रताड़ित करता था। बताया जाता है कि नारायण साईं के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर न सिर्फ जानलेवा हमले किए जाते थे बल्कि कई लोगों को रास्ते से साफ कर दिया गया। सबसे बड़ा आरोप ये लग रहा है कि नारायण साईं अपने पिता के हर गुनाहों का न सिर्फ राजदार है बल्कि हिस्सेदार भी है।

2013 में जोधपुर रेप केस में आसाराम की गिरफ्तारी के दो महीने बाद सूरत की दो बहनों ने आसाराम और उसके बेटे नारायण साईं पर रेप का आरोप लगाया था। बड़ी बहन की शिकायत के मुताबिक, आसाराम ने 2001 से 2006 के बीच कई बार उसका यौन शोषण किया जबकि छोटी बहन ने नारायण साईं पर रेप का आरोप लगाया। रेप केस दर्ज होने के बाद दिसंबर 2013 में नारायण साईं को गिरफ्तार किया गया।

एफ़आईआर के मुताबिक़ छोटी बहन 2002 से 2004 तक आश्रम में साधक रहीं। छोटी बहन को थोड़े समय के लिए आसाराम के हिम्मतनगर आश्रम की संचालिका भी बनाया गया था। दोनों बहनों का आरोप है कि जब उन्होंने ख़ुद पर होने वाले अत्याचार का विरोध किया, तो उन्हें परेशान किया गया और बाद में आश्रम में चोरी का झूठा आरोप लगाकर निकाल दिया गया।

2013 में सूरत पुलिस ने पूछताछ के दौरान पीड़ित को नारायण साईं के सामने बिठाया था तब उसने अपने गुनाह कबूल किए थे। जिस तरह के संगीन आरोप पर आसाराम को उम्रकैद की सजा मिली है वैसे ही खतरनाक आरोप उसके बेटे नारायण साईं पर भी हैं। आसाराम को तो सजा मिल गई है अब नारायण साईं पर फैसला होना बाकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत