होशंगाबाद: मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में किसानों की समस्याएं सुनने पहुंचे अफसरों पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इस दौरान 17 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
होशंगाबाद के बाबई तहसील के बुधबाड़ा गांव में चौपाल पर चर्चा के लिए कृषि विभाग के प्रमुख सचिव डॉ राजेश राजौरा, SDM और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भांजी ऋतु चौहान समेत कई अफसर पहुंचे। वहां स्कूल के पास ही पीपल के पेड़ मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ था। उस दौरान मधुमक्खियों ने अफसरों और किसानों पर हमला बोल दिया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। हमले से बचने के लिए कई अफसर और किसान स्कूल की बिल्डिंग में घुस गए। इस दौरान 17 लोग घायल हुए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।
मामला शांत होने के कुछ समय बाद फिर चौपाल शुरू हुई। लेकिन बात सूखे और किसानों की समस्याओं पर कम, मधुमक्खियों के हमले पर ज्यादा हुई।