1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इस जिले में चल रही थीं पिस्तौलें और बंदूकें बनाने की अवैध फैक्ट्रियां, पुलिस ने कई को दबोचा

इस जिले में चल रही थीं पिस्तौलें और बंदूकें बनाने की अवैध फैक्ट्रियां, पुलिस ने कई को दबोचा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 31, 2019 08:43 am IST,  Updated : Jan 31, 2019 08:43 am IST

जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें अवैध हथियार बनाने वाले 5 मिनी कारखानों का पता चला।

Bihar Police busts five mini gun making factories in Munger | Pixabay Representational- India TV Hindi
Bihar Police busts five mini gun making factories in Munger | Pixabay Representational

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस ने छापा मारकर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें अवैध हथियार बनाने वाले 5 मिनी कारखानों का पता चला। इस छापे में पुलिस ने 7 पिस्तौल सहित कई हथियार व हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाले मशीन, कल-पुर्जे बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ हथियार तस्कर हथियार लेकर दूसरी जगह आपूर्ति करने जा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने बनौधा पुल के पास वाहन तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस को देखकर एक बाइक सवार पीछे लौटने लगा लेकिन पुलिस ने उसे पकड़कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 7 पिस्तौल और 14 गोलियां व एक मोबाइल बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मोहम्मद तौसीफ और मोहम्मद इबरार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि वासुदेवपुर सहायक थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी विपिन साह के घर पर छापेमारी कर पुलिस ने एक मिनी बंदूक कारखाने का भंडाफोड़ किया। 

यहां से एक देसी पिस्तैाल, एक वेश मशीन, 2 गोली सहित हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाले सामान बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने विष्णुदेव शर्मा नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मंगला ने बताया कि शामपुर थाना क्षेत्र के ऋषिकुंड जंगली क्षेत्र में भी पुलिस ने 4 मिनी बंदूक कारखाने का भंडाफोड़ किया है। यहां से भी हथियार में प्रयुक्त होने वाले कल-पुर्जे बरामद किए गए हैं। आपको बता दें कि मुंगेर अवैध हथियार बनाने के लिए चर्चित रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत