बूंदी: राजस्थान के बूंदी में बीजेपी विधायक पर बिजली विभाग के इंजीनियर को धमकाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप में विधायक अशोक डोगरा, इंजीनियर गोपाल कृष्ण यादव को गाली देने के साथ-साथ धमका रहे हैं। फोन पर हुई इस बातचीत में विधायक ने इंजीनियर पर धौंस दिखाते हुए कपड़े उतरवा लेने तक की धमकी दे दी।
बीजेपी के विधायक अशोक डोगरा का इन दिनों एक ऑडियो क्लिप वायरल हो चुका है। इस क्लिप में विधायक जी एक सरकारी अफसर पर धौंस जमा रहे हैं।
विधायक अफसर से कह रहे है, ‘देख ये तो कनेक्शन लेने को तैयार हैं..कमाल की बात कर रहो हो आप..कल तो समझो..घर के बाहर बैठा दूंगा..पूरे कपड़े फड़वा दूंगा..अबे सुन तू किससे बात कर रहा है..जनप्रतिनिधि से बात कर रहा हूं है न तू..तू तो ऐसे बात कर रहा है कि जैसे मेरे ऊपर अफसर बैठा हो..तू लोगों की भावनाओं को नहीं समझता है..कपड़े फड़वा दूंगा...तू कल आ जाओ ऑफिस में..कपड़े पहन के आ जाओ..बिना कपड़े के भेज दूंगा..ऐसी कैसी आफत आ गई है..तू ये कैसे बात रहा है..'
दरअसल राजस्थान के बूंदी के नैनवां रोड की जनता कॉलोनी में बिजली विभाग ने अवैध तरीके से बिजली कनेक्शन लेने वालों की सप्लाई काट दी थी। जिसके बाद इलाके के लोग विधायक के पास पहुंचे और लोगों की इसी शिकायत पर विधायक ने फोन पर इंजीनियर को धमका दिया।
वहीं अब पूरे मामले पर विधायक अशोक डोगरा ने सफाई दी है, तो कांग्रेस को बीजेपी पर हमला करने का एक और मौका मिल गया। विधायक ने भले ही अब सफाई देते हुए इसे गुस्से का नतीजा बताया है लेकिन जिस लहजे में एक जनप्रतिनिधि, सरकारी अफसर से बात कर रहा है उसे कहीं से भी जायज नहीं ठहराया जा सकता।
अगली स्लाइड पर सुनिए ऑडियो क्लिप-